यूनिवर्सिटी के ललित कला संगीत विभाग में लगी प्रदर्शनी देखते विद्यार्थी।
- फोटो : Shivharsh Dwivedi
गोरखपुर यूनिवर्सिटी के ललित कला संगीत विभाग में सोमवार को तीन दिवसीय ग्रीटिंग कार्ड प्रदर्शनी का उद्घाटन कुलपति प्रो. अशोक कुमार एवं प्रो. मधु कुमार ने किया। प्रदर्शनी में विभाग के विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए एक से बढ़कर एक कार्ड सजाए गए थे। इसमें यूनिवर्सिटी के विद्यार्थियों के साथ, चंद्रकांति रमावती और बाबू पूरुषोत्तम दास राधा रमणदास महाविद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा हस्त निर्मित ग्रीटिंग कार्डों की बिक्री के लिए 25 स्टाल सजाए गए थे।
कुलपति अशोक कुमार ने कहा कि कला एक अनमोल साधना है। सृष्टि त्रिपाठी द्वारा निर्मित काइक्रोकार्ड एवं शिखर त्रिपाठी के साइकिल कार्ड आर्कषण का केंद्र रहे। नौ बजे से शुरू हुई प्रदर्शनी में सुबह से ही लोगों की भीड़ बनी रही। प्रो मधु ने छात्रों के उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि यहां सृजनात्मकता के विविध रंग दिखाई पड़ रहे हैं। विभागाध्यक्ष उषा सिंह ने कहा कि कला भावों की अभिव्यक्ति है जिससे जीवन में नई ऊर्जा का संचार होता है। कार्डों में कला के वास्तविक रूप के दर्शन हो रहे हैं। ग्रीटिंग कार्ड को कार्टिज पेपर, शंख, मोती, सादे पेपर आदि के इस्तेमाल से काफी आकर्षक बनाया गया था। इस अवसर पर डॉ. भारत भूषण, प्रो. गोरखनाथ, रेखा, रानी शर्मा, मनीष प्रजापति, रितेश कुमार, संदीप कुमार, दीपक सिंह, अशोक कुमार आदि मौजूद थे।
पेटीएम से भी हुआ भुगतान
प्रदर्शनी में शिवम के स्टाल पर पेटीएम से भुगतान कर कार्ड खरीदने की सुविधा लोगों को दी गई। शिवम ने बताया कि नोटबंदी के चलते लोगों को कैश को लेकर दिक्कत हो रही है। ऐसे में लोग अपना मनपसंद कार्ड खरीद न पाते, इसलिए पेटीएम से भी भुगतान करने की व्यवस्था की गई। कई लोगों ने पेटीएम के जरिए कार्ड खरीदे।