गोला के डाडी में शुक्रवार सुबह बारिश के बीच आसमान से गिरी बिजली कहर ढा गई। गोला के डाडी गांव में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक किशोर की मौत हो गई।
डाडी गांव मे बांसगांव क्षेत्र बुजुर्ग मऊ निवासी रामशब्द यादव का बेटा धनन्जय यादव (20 वर्ष) डाडी गांव मे ही अपने रिश्तेदार के यहां से सुबह शौच के लिए अरहर के खेत में गया था। शुक्रवार सुबह में 7 बजे हल्की बरसात हो रही तभी अचानक आकाशीय बिजली गिरी और धनन्जय चपेट में आ गया। आस-पास खेतों में मौजूद लोगो ने बालक को छटपटाता देख दौड़ पड़े।
परिजन भी सूचना पाकर मौके पर पहुंचे लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। धन्नजय ने दम तोड़ दिया था लेकिन परिजनों ने नजदीक कौड़ीराम प्राईवेट अस्पताल ले गये। जहां डाक्टर ने मौत हो जाने की पुष्टि की। घटना की सूचना पाकर उपजिलाधिकारी बांसगांव, तहसीलदार, कानूनगो, लेखपाल ने पीड़ित के घर जाकर मदद करने का आश्वासन दिया।
आकाशीय बिजली से मृत धनन्जय चार भाई बहनों में सबसे छोटा था और अपने परिवार के जीवीकोपार्जन के लिए ट्रक चालक के साथ खलासी का काम करता था।
हादसे के बाद सूचना पर पहुंची पुलिस मृतक का पोस्टमार्टम कराना चाहती थी जबकि परिजन विरोध कर रहे थे। पुलिस ने परिजनों की माली हालत देखते हुए समझाया कि पोस्टमार्टम होने पर ही सरकार की ओर से आर्थिक मदद मिल सकेगी। दोपहर तक परिजनों व पुलिस के बीच पोस्टमार्टम को लेकर बहस के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।