संदेश मिला, बोरे में इंसान का शव मिलने का, निकला जानवर का
गोरखपुर। तिवारीपुर इलाके के सूर्य विहार कॉलोनी में हत्या कर बोरे में भरकर फेंका गया शव मिलने की सूचना से हड़कंप मच गया। पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना प्रसारित होते ही एसएसपी डॉ. सुनील गुप्ता खुद वायरलेस सेट पर आ गए। सभी पुलिस वालों को तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच का आदेश दिया। आनन-फानन मौके पर फोर्स पहुंच गई और जांच पड़ताल शुरू की गई। हालांकि, थोड़ी ही देर में बोरा खुलने के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली, क्योंकि बोरे में कुत्ते का शव था। बोरे से खून का रिसाव होने की वजह से किसी ने पुलिस को सूचना दी थी।
घटना सोमवार दोपहर की है। करीब एक बजे पुलिस कंट्रोल रूम में फोन आया। फोन करने वाले शख्स ने बताया था कि हत्या कर किसी का शव बोरे में बांधकर फेंका गया है। एसएसपी का निर्देश मिला तो पुलिस आनन-फानन मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने बोरा खोला तो उसमें शव मौजूद जरूर था लेकिन इंसान का नहीं बल्कि कुत्ते का। तत्काल आला अफसरों को फोन कर जानवर के शव होने की जानकारी दी गई। सीओ क्राइम प्रवीण सिंह ने बताया कि बोरे में कुत्ते का शव मिला था। आशंका में किसी ने युवक के शव होने की सूचना दी थी।