जिला अस्पताल के पर्चे पर लिखी गई दवा
जिला अस्पताल में मरीज को लिख दी हजार रुपये की दवा
गोरखपुर। जिला अस्पताल में पेट की समस्या का इलाज कराने पहुंचे सचिन निवासी रजाई कैंप, नंदानगर को चिकित्सक ने करीब एक हजार रुपये की बाहर की दवा लिख दी। सचिन ने सीएमओ डॉ. श्रीकांत तिवारी से शिकायत कर चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
सचिन के अनुसार पेट दर्द की समस्या होने पर वह एक नवंबर को जिला अस्पताल में भर्ती हुए थे। अस्पताल में उन्हें एक ग्लूकोज की बोतल और एक इंजेक्शन लगाया गया। इसके बाद बाहर से दवाएं और इंजेक्शन मंगाए गए। दो नवंबर को डिस्चार्ज कर दिया गया। आरोप है कि डिस्चार्ज के बाद कोई रिपोर्ट नहीं दी गई, इलाज करने वाले डॉ. प्रशांत सिंह ने सोमवार को ओपीडी में आकर जांच कराने की सलाह दी। सोमवार को वह जिला अस्पताल के कमरा नंबर 28 में बैठे फिजिशियन डॉ. प्रशांत सिंह के पास गए। आरोप है कि डॉ. प्रशांत सिंह ने उन्हें बाहर की करीब एक हजार रुपये कीमत की दवा लिख दी। सीएमओ डॉ. श्रीकांत तिवारी ने बताया कि एसआईसी डॉ. राजकुमार गुप्ता को सचिन की शिकायत भेजी गई है, जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। डॉ. प्रशांत सिंह ने बताया सचिन इनडोर पेशेंट था, ऐसे मरीजों को बाहर से दवा लिखी जा सकती है।