हरनहीं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात टेक्नीशियन के गैरहाजिर रहने से जांच कराने आए मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसकी शिकायत कमिश्नर और सीएमओ से की गई। कार्रवाई के तौर पर जांच का आदेश दिया गया है। केन्द्र पर एक ही टेक्नीशियन सीएचसी पर तैनात है़। इनके जिम्मे बलगम और खून की जांच का काम है। जांच रिपोर्ट आए बिना इलाज शुरू नहीं किया जा सकता है। टेक्नीशियन के न आने से मरीजों का इलाज प्रभावित होता है। गंभीर मरीजों को फिर दूसरे स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर इलाज कराना पड़ता है।
पर्ची पर नहीं समझ आता मर्ज
जिला अस्पताल के डॉक्टर की लिखावट ऐसी है कि दवा और मर्ज पर्ची पर समझ ही नहीं आ रहे हैं। इससे डाक महकमे के एक कर्मचारी की परेशानी बढ़ गई है। शशिकला नाम की कर्मचारी ने 15 फरवरी को जिला अस्पताल की ओपीडी में दिखाया था। पर्ची की फोटोकॉपी लगाकर विभाग की ओर से सीएमओ को पत्र लिखा गया है कि इसमें मर्ज और बेड रेस्ट लिखा है कि नहीं जिसे स्पष्ट किया जाए। सीएमओ ने पत्र को जिला अस्पताल प्रशासन के पास भेज दिया है।
शुरू हुई बलगम की जांच
टीबी क्लीनिक में बलगम की जांच के लिए आई मशीन से सोमवार को बलगम की जांच की गई। प्रदेश के 38 जिलों में एक साथ ऐसी ही मशीनें लगाई गईं हैं। जांच सफल होने के बाद इसकी जानकारी शासन को पत्र के माध्यम से दे दी गई। जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. पीके मिश्रा ने बताया कि सोमवार को मशीन की जांच रिपोर्ट शासन को भेज दी गई है।