जिला अस्पताल में सीटी स्कैन जांच तीसरे दिन भी ठप रही। मरीजों को रोजाना
सीटी स्कैन कराए बिना लौटना पड़ रहा है। ट्रेंड डॉक्टर न होने की वजह से
जांच नहीं हो पा रही है। 31 जनवरी को डॉक्टर के रिटायर होने के बाद सोमवार
से जिला अस्पताल में सीटी स्कैन जांच बंद है।
अस्पताल प्रशासन ने ट्रेंड
डॉक्टर की नियुक्ति के लिए शासन को पत्र लिखा गया है। पत्र की प्रतिलिपि
एडी हेल्थ को भी भेजी गई है। मंडल के अन्य तीनों जिलों के मरीज सीटी स्कैन
के लिए जिला अस्पताल आते हैं। अस्पताल में यह जांच 500 रुपये में होती है
जबकि प्राइवेट जांच कराने के लिए 1500 से दो हजार रुपये देने पड़ते हैं।
मंडल में गोरखपुर के अलावा कुशीनगर में सीटी स्कैन मशीन है मगर वह मशीन आज
तक चली ही नहीं।
ट्रेंड डॉक्टर न होने की वजह से यहां भी अब तक जांच शुरू
नहीं हो सकी है। ऐसे में मरीज गोरखपुर जिला अस्पताल ही आते हैं। अब यहां भी
जांच न होने की वजह से मरीजों को निराश होकर लौटना पड़ रहा है।
रेडियोलॉजिस्ट की मांग
जिला
अस्पताल के एसआईसी डॉ. एचआर यादव ने रेडियोलॉजिस्ट के लिए एडी हेल्थ को
पत्र लिखा है। उन्होंने महिला अस्पताल भेजे गए रेडियोलॉजिस्ट को वापस करने
को या जिन नौ डॉक्टरों ने रेडियोलॉजिस्ट की ट्रेनिंग की है उनमें से किसी
एक डॉक्टर जिला अस्पताल भेजने का अनुरोध किया है। एसआईसी ने पत्र के साथ ही
नौ ट्रेंड डॉक्टरों की सूची भी एडी को भेजी है।