खजनी के रामपुरवां गांव में रविवार की देर रात रामलीला देखने गए युवक की रॉड और नुकीले हथियार से वार कर हत्या कर दी गई। युवक के पिता ने सोमवार सुबह तीन युवकों पर पुरानी रंजिश में हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। पुलिस केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुटी है।
रामपुरवां निवासी किशन चौबे (24) रविवार की शाम खाना खाने के बाद घर से रामलीला देखने बगल के गांव आशापार गए थे। उसी दौरान वहां पहले से घात लगाए कुछ युवकों ने उन पर लोहे की रॉड और धारदार हथियार से हमला कर दिया। ग्रामीणों की सूचना पर घरवाले उन्हें खजनी स्थित निजी अस्पताल ले गए। वहां से युवक को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
मेडिकल कॉलेज ले जाते समय किशन की रास्ते में मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। सोमवार को पुलिस ने युवक के पिता रामज्ञा की तहरीर पर गांव के विजय उर्फ छोटू, बुद्घिराम उर्फ कंपनी और एक अज्ञात पर हत्या का केस दर्ज किया है।