कैंपियरगंज के राजपुर गांव में एक युवती ने छत की कुंडी से दुपट्टे का फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। जून में युवती की शादी तय थी और घरवाले तैयारी में जुटे थे। मंगलवार की सुबह उसकी लटकी लाश देखकर मां ने शोर मचाया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। हालांकि मौके से सुसाइड नोट आदि नहीं मिला है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
राजपुर गांव के हीरा चौरसिया केला और सब्जी की खेती करते हैं। उनकी 18 साल की बेटी मालती की जून में शादी तय थी। हीरा सोमवार को एक रिश्तेदार के यहां चले गए और रात में नहीं लौटे। घर पर मां और बेटी अकेली थीं। दो मंजिला मकान में बेटी ऊपरी मंजिल के कमरे में सोने चली गई। सुबह जब काफी देर तक वह नहीं उठी तो मां ऊपर गई और दरवाजा खटखटाते हुए आवाज लगाई। कमरे के अंदर कोई आवाज नहीं आई तो उन्होंने खिड़की से झांका तो उसका शव लटकता दिखाई दिया। इसे देख वह चीख पड़ीं। इस बीच आसपास के लोग भी एकत्र हो गए और दरवाजा तोड़ा तो मालती का शव लटक रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है। क्षेत्र में मौत को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं।