वोडाफोन कंपनी में काम करने वाले हार्डवेयर इंजीनियर पर कंपनी के अधिकारियों ने पांच लैपटॉप हड़पने का आरोप लगाया है। तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर कोतवाली पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
फैजाबाद, रिकाबगंज के दिलकुशा धारा रोड निवासी मो. कामरान वोडाफोन के बैंक रोड स्थित शाखा में हार्डवेयर इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे। 19 अप्रैल 2016 से बिना किसी सूचना के वह आफिस नहीं आ रहे हैं। वोडाफोन कंपनी के अधिकारियों ने मरम्मत के लिए रखे पांच लैपटॉप उठा ले जाने का आरोप लगाते हुए कोतवाली थाने में तहरीर दी।
इंफोटेक के हार्डवेयर इंजीनियर जय जय भारती ने बताया कि कंपनी की तरफ से कामरान को कई बार नोटिस दी गई, लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। फोन करने पर उन्होंने अपना मोबाइल बंद कर दिया। मरम्मत के लिए रखे गए लैपटॉप ले जाकर उन्होंने कंपनी का नाम खराब किया है। कोतवाली पुलिस ने कामरान पर लैपटॉप हड़पने का केस दर्ज किया है। इंस्पेेेक्टर विजयराज सिंह ने बताया मामले की छानबीन चल रही है।