शाहपुर की अशोकनगर कॉलोनी में रहने वाले नेत्र परीक्षक ओम प्रकाश यादव (40) और उनके पांच साल के बेटे नितिन की हत्या का पुलिस ने शुक्रवार की रात खुलासा कर दिया। नेत्र परीक्षक की पत्नी ने फिरोजाबाद के रहने वाले शिक्षक प्रेमी अजय यादव के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। एक साल से दोनों के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था। पुलिस के साथ ही घरवालों को गुमराह करने के लिए उसने घटना को लूट की शक्ल देने का प्रयास किया था।
शुक्रवार की रात पुलिस लाइंस में प्रेस वार्ता कर एसएसपी लव कुमार ने इस घटना का खुलासा कर दिया। उन्होंने बताया कि गाजीपुर, खलनचक के रहने वाले नेत्र परीक्षक ओमप्रकाश यादव और उनके बेटे नितिन की बुधवार की रात बेड रूम में हत्या कर दी गई थी। ओम प्रकाश के सिर पर हथौड़े से वार किया गया था, जबकि बेटे नितिन का रस्सी से गला दबाया गया था। ओमप्रकाश की पत्नी अर्चना दूसरे कमरे में बंद मिली थी। घटनास्थल पर मिले साक्ष्य और सर्विलांस की मदद से हुई छानबीन में ओमप्रकाश की पत्नी अर्चना के शामिल होने की जानकारी मिली।
पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर फिरोजाबाद के स्वामी नगर निवासी अजय यादव को गिरफ्तार कर लिया गया। अजय प्राथमिक विद्यालय में टीचर है। बकौल एसएसपी, वर्ष 2015 में फेसबुक के जरिए दोनों की पहचान हुई थी। मई 2015 में अर्चना लखनऊ स्थित मायके गई थी। फोन पर बातचीत के बाद अजय वहां उससे मिलने पहुंचा था। दोनों वहां कई दिन तक साथ रहे। पति और बेटे की हत्या कर प्रेमी के साथ रहने की योजना बनाने के बाद 20 जनवरी की सुबह उसने अजय को बुलाया था। ट्रेन से गोरखपुर पहुंचने के बाद शाम छह बजे वह घर पहुंच गया। देर रात तक वह अर्चना के कमरे में छिपा रहा। रात दो बजे के करीब सोते समय ओमप्रकाश के सिर पर हथौड़े से हमला करने के बाद उसने रस्सी से गलाकर उनकी हत्या कर दी। बेटे नितिन के जग जाने पर अर्चना ने प्रेमी के साथ मिलकर उसे भी मार डाला।
एसएसपी ने बताया कि रेलवे स्टेशन स्थित सरदार ढाबा के पास शुक्रवार की शाम को एसओ शाहपुर, एसओ कैंट ने क्राइम ब्रांच की टीम के साथ अजय को गिरफ्तार किया। शनिवार की सुबह अर्चना के साथ ही उसके प्रेमी को पुलिस कोर्ट में पेश करेगी।