पीपीगंज के नयनसर गांव के ग्राम प्रधान सहित तीन लोगों को जेल से धमकी देने की चर्चा देर शाम होने लगी। हालांकि, ग्राम प्रधान ने धमकी की बात से साफ इन्कार कर दिया है लेकिन उन्होंने इस बात को स्वीकार किया कि गांव के कुछ लोगों को धमकी मिली है। हालांकि, पुलिस ने इस तरह की किसी भी बात से इन्कार कर दिया है।
पीपीगंज में नयनसर गांव में 13 दिसंबर को पुनीत तिवारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हत्या कर शव संतकबीरगर, मेंहदावल में बेलौहा के पास बांध फेंक दिया गया था। पुनीत की पत्नी इंदु ने पति की हत्या के लिए ओम प्रकाश तिवारी उर्फ बभन्नर, पत्नी शशिकला, बेटे निखिल, विष्णु और साले रवि प्रकाश के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप था कि आठ वोट से चुनाव हार जाने की वजह से बभन्नर ने पुनीत की गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने बभन्नर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
इसी बीच रविवार शाम चर्चा का बाजार गर्म हो गया कि जेल से बभन्नर के नाम पर किसी ने ग्राम प्रधान नागेंद्र सिंह सहित गांव के दो अन्य लोगों को जान से मारने की धमकी दी है। इसमें ग्राम प्रधान को धमकी मिली है कि वह कैसे चुनाव मैदान में उतर गया, दूसरे व्यक्ति को धमकी मिली है कि साथ रहकर गद्दारी की जबकि तीसरे को भी देख लेने की धमकी दी गई है। हालांकि, तीनों ने इसकी शिकायत पुलिस से नहीं की है।
इस मामले में ग्राम प्रधान चौधरी नागेंद्र सिंह ने ध्ामकी की बात से इन्कार करते हुए कहा कि मुझे धमकी देने की बात एकदम गलत है। किसी का फोन मेरे पास नहीं आया है। हालांकि, गांव में चर्चा थी कि एक व्यक्ति लोगों से किसी की बात करवा रहा है जो उन्हें धमकी दे रहा है। लेकिन किसी गांव वाले ने मुझसे शिकायत नहीं की है।
पीपीगंज एसओ उपेंद्र श्रीवास्तव ने भी धमकी की बात से इन्कार करते हुए कहा किजेल से धमकी की बात गलत है। जिन व्यक्तियों के नाम सामने आए हैं उन्होंने इसकी शिकायत नहीं की है। अगर जेल से धमकी मिल रही है तो गांव वाले इसकी लिखित शिकायत करें तो कार्रवाई की जाएगी।