महादेव झारखंडी में बंद मकान का ताला तोड़कर दो नाली बंदूक और गहने चुराने वाले चोरों को चौरीचौरा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से चोरी गई बंदूक के अलावा चार बाइक भी मिली हैं। पूछताछ में पुलिस ने चोरी की कई घटनाओं का पर्दाफाश किया।
एसएसपी अनंत देव ने सोमवार को पुलिस आफिस में प्रेस वार्ता में बताया कि महादेव झारखंडी में रहने वाले इंद्रमणि तिवारी के घर 20 अप्रैल की रात ताला तोड़कर चोर जेवर, सामान के साथ ही लाइसेंसी डीबीबीएल बंदूक उठा ले गए थे। कैंट थाने में उन्होंने मुकदमा दर्ज कराया था। क्राइम ब्रांच की टीम समेत चौरीचौरा पुलिस भी बदमाशों की तलाश में लगी थी।
एसओ चौरीचौरा ने रविवार को मुखबिर की सूचना पर तरकुलहा मंदिर की तरफ जा रहे बाइक सवार दो युवकों को पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान मनोहर पासी निवासी बनरहवा टोला, तरकुलहा और रामनगीना निवासी सरैया मरचहवा टोला चौरीचौरा के रूप में हुई। उन दोनों ने गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर में चोरी की कई घटनाओं में शामिल होना स्वीकार किया है।
उन्होंने बताया कि पकड़े गए दोनाें बदमाशों पर चार मुकदमे दर्ज हैं। इनके दो साथी भैरोपुर कैंट का गोलू और राहुल पहले ही जेल में बंद हैं। पूछताछ में उनके दो साथियों के बारे में भी जानकारी मिली, जिनकी तलाश चल रही है।