एसपी (सिटी) सोमवार को नौका विहार पर घूमने आए दो युवकों को हिरासत में लेकर उनके कब्जे से नकली पिस्टल बरामद किया। सूचना पर पहुंचे सीओ कैंट के साथ ही खोराबार पुलिस ने यहां घूमने आए लोगों की तलाशी ली लेकिन कुछ मिला नहीं। पकड़े गए युवक सिकरीगंज, उरुंवा क्षेत्र के रहने वाले है। पूछताछ के बाद उनके खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की गई।
जाम से निपटने के लिए पुलिस की मुस्तैदी देखने निकले एसपी (सिटी) हेमराज मीणा सुबह 11 बजे पैडलेगंज पुलिस चौकी पहुंचे। यहां से वह सिपाहियों को लेकर चेकिंग करने नौका विहार पहुंचे। सड़क किनारे बाइक खड़ी कर टहल रहे दो युवकों की हरकत संदिग्ध होने पर उनकी तलाशी ली तो कब्जे से प्लास्टिक की पिस्टल मिली। इसका इस्तेमाल लाइटर के रूप में होती है। सूचना के बाद सीओ कैंट अभय मिश्रा, रामगढ़ताल चौकी प्रभारी सिपाहियों के साथ पहुंचे। बेतरतीब खड़ी गाड़ियों का का चालान किया। पकड़े गए युवकों की पहचान सिकरीगंज के चौकड़ी निवासी अभय सिंह और उरूवां, बभनौली के राहुल के रूप में हुई।
दोनों युवकों का कहना है कि वह रामगढ़ताल क्षेत्र में घूमने आए थे। प्लास्टिक के पिस्टल को शौकिया पास रख लिए थे। उनका मकसद जानने के लिए पुलिस अधिकारियों ने दोनों को पूछताछ के लिए खोराबार थाने पर भेज दिया। छानबीन के बाद कोई आपराधिक रिकार्ड न मिलने पर दोपहर बाद शांतिभंग में कार्रवाई कर चालान किया। वहां पूछताछ के बाद एसपी सिटी ने बताया कि उनके पुराने रिकार्ड की जांच की गई। लेकिन किसी तरह का आपराधिक रिकार्ड नहीं मिला जिसके बाद उनके खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की गई।