शिवपुर-सहबाजगंज में बच्चे को पढ़ाने घर आने वाले शिक्षक ने उसे धमकाकर 40 हजार रुपये ले लिए। 12 जून को बच्चे को दुकान के काउंटर से रुपये चुराते उसकी मां ने रंगे हाथ पकड़ लिया। पूछताछ में जानकारी होने पर शिक्षक भाग निकला। दुकानदार ने शिक्षक के खिलाफ गुलरिहा थाने में तहरीर दी है।
शिवपुर-सहबाजगंज के नागेंद्र सिंह के घर में ही किराने की दुकान है। कक्षा तीन में पढ़ने वाले बेटे वेदांश को पढ़ाने के लिए पांच महीने पहले जंगल मतादीन के एक शिक्षक को ट्यूशन पर रखा गया था। बच्चे से घुल-मिल जाने के बाद शिक्षक उसे धमकाकर दुकान के काउंटर से रुपये चोरी कराता था। साथ ही किसी को यह बात न बताने की धमकी देकर रुपये लेकर चला जाता था।
परिवार के लोग रुपये चोरी होने से परेशान थे। 12 जून को नागेंद्र की पत्नी सीमा ने बेटे को काउंटर से रुपये चोरी करते पकड़ लिया। पूछने पर घरवालों को उसने सारी बात बता दी। भेद खुलने पर शिक्षक भाग निकला। बृहस्पतिवार की शाम थाने पहुंचे नागेंद्र ने शिक्षक के खिलाफ तहरीर दी। उन्होंने बताया कि अब तक 40 हजार रुपये काउंटर से चोरी हो चुके हैं।
गुलरिहा पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर थाने भी आई थी, लेकिन पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया। एसओ सुनील सिंह ने बताया कि दोनों पक्ष के लोगों में समझौता कराने का प्रयास हुआ, लेकिन नागेंद्र नहीं माने। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस आवश्यक कार्रवाई करेगी।