रेलवे स्टेशन परिसर में बृहस्पतिवार रात मां के साथ सो रही बच्ची की अपहरण की कोशिश की वारदात हुई है। आरपीएफ जवानों ने बच्ची को लेकर भाग रहे युवक को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान बच्ची को ढूंढते हुए पहुंची उसकी मां ने जवानों को घटना की जानकारी दी। आरोपी बस्ती का रहने वाला है।
बिहार के मधुबनी की रहने वाली महिला बृहस्पतिवार रात 10 साल की बच्ची के साथ प्लेटफॉर्म नंबर दो पर सो रही थी। रात करीब 11:45 बजे पहुंचा एक युवक बच्ची को उठा ले गया। वह एसी लाउंज के रास्ते होते हुए पूर्वी प्रीपेड की तरफ पहुंचा ही था कि बच्ची की नींद खुल गई और वह रोने लगी। रास्ते से गुजर रहे आरपीएफ सिपाहियों ने युवक की गतिविधि पर संदेह होने पर उसे रोक लिया। पूछताछ के लिए उसे पोस्ट पर लेकर आए। करीब 20 मिनट बाद बच्ची को ढूंढते हुए उसकी मां भी वहीं पहुंच गई। बच्ची को देखने के बाद उसने घटना की जानकारी दी।
पकड़े गए युवक की पहचान बस्ती, लालगंज के मधुकरपुर निवासी रविशंकर के रूप में हुई। देर रात आरपीएफ ने उसे जीआरपी के हवाले कर दिया। महिला बिना तहरीर दिए ही चली गई। एसएसआई जीआरपी राघवेंद्र मिश्र ने बताया मामले की छानबीन चल रही है।