गोरखपुर। उरुवां में मंगलवार की दोपहर गेहूं लदी ट्रैक्टर-ट्राली से कुचलकर बाइक सवार युवकों की मौत हो गई। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्राली कब्जे में ले ली है। उधर, चिलुआताल में सोमवार की रात दो बाइक की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल उसका साथी निजी अस्पताल में भर्ती है।
धुरियापार, उरुवां प्रतिनिधि के अनुसार टंडवा श्रीराम गांव के भगवान द्रास (25) गया के अपने साथी दिनेश चौधरी (32) के साथ बाइक से मंगलवार की दोपहर धुरियापार जा रहे थे। इसी दौरान मठ भताड़ी के सामने चीनी मिल की तरफ से गेहूं व चावल लेकर आ रही ट्रैक्टर-ट्राली ने बाइक में टक्कर मार दी। ट्राली की चपेट में आने से दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। लोगों ने घेराबंदी करके ट्रैक्टर-ट्राली तो रोक ली, लेकिन चालक फरार हो गया। मौके पर पहुंचे परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल था। एक साल पहले ही भगवान दास की शादी हुई थी। उनका चार महीने का बेटा है।
उधर, चिलुआताल प्रतिनिधि के अनुसार दहला गांव का कृष्ण मुरारी (20) अपने दोस्त अभिषेक के साथ सोमवार की शाम बरगदवां आया था। रात आठ बजे दोनों बाइक से लौट रहे थे। आंख में कीड़ा चले जाने पर सिंघोरवा में समय माता मंदिर के पास उनकी बाइक दूसरी बाइक से टकरा गई। सिर में चोट लगने से कृष्ण मुरारी की मौके पर मौत हो गई। अभिषेक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती है।