तरकुलहा मेला में बुधवार की रात आठ वर्षीय बच्ची से कार चालक ने रेप किया। मेला घुमाने आए घर के लोग बच्ची को नींद आने पर उसे कार में छोड़कर चले गए थे। कार के पास भोजन बना रहे घरवालों के पास पहुंची बच्ची ने मामले की जानकारी दी। आरोपी चालक को पकड़कर पिटाई करने के बाद घरवालों ने चौरीचौरा पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने चालक के खिलाफ रेप और पास्को एक्ट के तहत केस दर्ज किया है।
चौरीचौरा प्रतिनिधि के अनुसार कैंट क्षेत्र का रहने वाला परिवार बुधवार की रात किराए की कार को लेकर तरकुलहा मेला घूमने गया था। दर्शन करने के बाद घर के लोग मेला परिसर में कार खड़ी करके भोजन बनाने लगे। साथ में गई आठ वर्षीय बच्ची को नींद आने पर उसे कार में लिटाकर एसी चालू करा दिया। बच्ची के सो जाने पर कार में मौजूद चालक ने उसके साथ रेप किया। कार से बाहर निकलने के बाद पीड़ित ने घटना की जानकारी मां को दी। घरवालों ने चालक को पकड़कर पिटाई करने के बाद सूचना पुलिस को दी। पूछताछ में उसकी पहचान संतकबीरनगर, मेंहदावल के बदुबुलिया निवासी रहमत अली के रूप में हुई। आजाद चौक पर किराए का कमरा लेकर वह रहता है। चौरीचौरा पुलिस ने रहमत के खिलाफ रेप और पास्को एक्ट के तहत केस दर्ज कर बच्ची को मेडिकल के लिए भेजा है।