रेलवे अफसरों की लाख कोशिशों के बाद भी टीटीई, टीसी और बुकिंग क्लर्कों के आचरण में बदलाव नहीं आ रहा है। बृहस्पतिवार की सुबह कुछ टीसी (टिकट कलेक्टर) ने एक यात्री की जमकर पिटाई कर दी। शिकायत के बाद भी आरपीएफ और जीआरपी ने कार्रवाई नहीं की।
आनंद विहार से आने वाली सप्तक्रांति एक्सप्रेस से सुबह स्टेशन पहुंचे एक यात्री से बाहर निकलते समय टिकट चेकिंग के दौरान कहासुनी होने लगी। वहीं टिकट चेक कर रहे कुछ और टीसी जुट गए। आरोप है कि सभी ने मिलकर यात्री की पिटाई कर दी। इसके बाद यात्री को अपने कार्यालय भी ले गए और वहां भी अपमानित किया। यात्री ने इसकी शिकायत आरपीएफ पोस्ट पर की लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
आरपीएफ से निकलता देखकर टीसी फिर आग बबूला हो गए और यात्री को फिर पीट दिया। बदहवास यात्री ने जीआरपी थाने पर आपबीती सुनाई लेकिन नजर अंदाज कर दिया गया। रेलवे सूत्रों की माने तो आए दिन देर रात और सुबह के वक्त दिल्ली और मुंबई से आने वाले यात्रियों और टीसी में बवाल होता है। दबंग टीसी जुर्माने के नाम पर मनमानी करते हैं और विरोध पर मारपीट भी करते हैं।
यात्रियों के साथ अच्छा व्यवहार किया जाता है। यात्री के साथ दुर्व्यवहार का मामला संज्ञान में नहीं है। अगर इस तरह की घटनाएं हो रही हैं तो जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।
- संजय यादव, सीपीआरओ एनईआर