गोरखपुर। गोरखनाथ थाना क्षेत्र के हुमायूंपुर उत्तरी स्थित सिद्धि विनायक हॉस्टल में शिक्षक त्रिपुरारी दुबे की हत्या का पर्दाफाश हो गया। पुलिस के मुताबिक हॉस्टल में रहने वाले छात्र ने बाइक खरीदने के लिए उनकी हत्या की थी। छात्र ने घटना में शामिल होना स्वीकार कर लिया है।
एसपी सिटी हेमराज मीना ने बताया कि 22 मार्च को कमरे में त्रिपुरारी की लाश मिली थी। इस मामले की जानकारी खुद हत्याभियुक्त ने ही फोन करके दी थी। कैंपियरगंज थाना क्षेत्र के महावनखोर निवासी उत्कर्ष मिश्रा पुत्र सुनील मिश्रा हॉस्टल में शिक्षक के बगल के कमरे में रहता था। उसने अपने मित्र सूरज पांडेय से 25 हजार रुपये बाइक खरीदने के उधार लिए थे।
बाइक 32 हजार रुपये की थी। त्रिपुरारी रोजाना शराब के नशे में आते थे इसका फायदा उत्कर्ष ने उठा लिया। रात में सोने के दौरान वह कमरे में दाखिल हुआ और सो रहे त्रिपुरारी का मुंह तकिया से दबाकर मच्छरदानी की रस्सी से गला कस दिया। इससे उनकी मौत हो गई। इसके बाद जेब में रखे रुपये लेकर वह अपने कमरे में चला गया।
उन्होंने बताया कि छात्र उत्कर्ष ने टीचर की हत्या करने के बाद खुद ही 100 नंबर पर फोन करके बगल के कमरे में लाश मिलने की जानकारी दी थी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने बॉडी को कब्जे ले लिया था।