शाहपुर थाना क्षेत्र के शक्तिनगर कॉलोनी में एक मकान का ताला तोड़कर चोर करीब पांच लाख के जेवर व कीमती सामान उठा ले गए। जानकारी होने पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है। शक्तिनगर कॉलोनी निवासी ओम प्रकाश वर्मा नेपाल में कारोबार करते हैं। परिवार गोरखपुर में ही रहता है। उनकी पत्नी और बेटा घर में ताला लगाकर गांव गए हुए थे। बड़ी बेटी स्वच्छता अभियान की ट्रेनिंग करने गाजीपुर गई थी। रविवार की दोपहर में जब वह घर लौटीं, तो अंदर कमरे में लगा ताला टूटा देख दंग रह गई। चोरों ने आलमारी भी तोड़ डाली थी। उन्होंने बताया कि 25 हजार रुपये और करीब पांच लाख के गहने चोर उठा ले गए। ओम प्रकाश के पुत्र कुलदीप ने बताया कि शहर में एक शादी समारोह में शामिल होने कुछ दिन पहले गांव से मां आई थीं और अपने गहने यहीं छोड़ गई थीं। वहीं दीदी की शादी के लिए भी अभी से गहने खरीदे जा रहे थे। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंच गई थी।
बंद मकान का ताला तोड़कर चोरी
गोला थाना क्षेत्र के बारानगर गांव में बंद मकान का ताला तोड़कर घुसे चोर घर में रखे सामान चुरा ले गए। घरवाले गृहस्वामी का इलाज कराने दिल्ली गए हुए हैं। रविवार सुबह गांव के लोगों की टूटे ताले पर नजर पड़ी तो पुलिस को जानकारी दी। घर में कितने की चोरी हुई है, इसका अंदाजा गृहस्वामी के आने के बाद ही लग पाएगा। फिलहाल पुलिस जांच में जुट गई है।
बारानगर गांव निवासी रमाशंकर सिंह की बीते दिनों तबीयत खराब हो गई थी। उनका बेटा दिल्ली में रहता है। इस वजह से परिवार के सभी सदस्य घर में ताला लगाकर इलाज कराने दिल्ली चले गए। चोरों ने मौके का फायदा उठाते हुए मकान का ताला तोड़कर हाथ साफ कर लिया। गांव के संजय सिंह व रणंजय सिंह को जैसे ही चोरी की जानकारी हुई, उन्होंने फोनकर रमाशंकर को चोरी की जानकारी दी। संजय के मुताबिक, घर में क्या था, इसकी जानकारी बातचीत में नहीं हो सकी है। रमाशंकर के आने के बाद ही चोरी हुए सामान की जानकारी हो पाएगी।