राजेंद्र नगर की छह दुकानों में चोरी के बाद जांच करते डॉग स्क्वॉड।
- फोटो : Shivharsh Dwivedi
गोरखनाथ के राजेंद्रनगर में छह दुकानों का ताला तोड़कर चोरों ने लाखों की चोरी की। दुकानों से नकदी व सामान उठा ले गए वहीं जो नहीं ले सकते थे उसे बिखर गए। कई दुकान के सामान बाहर फेंके मिले। गुरुवार सुबह इसकी जानकारी होने के बाद पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है।
चिलुआताल प्रतिनिधि के मुताबिक राजेंद्रनगर रोड पर स्थित म्यूजिक गैलरी दुकान का शटर तोड़ चोर लगभग डेढ़ लाख कीमत का मोबाइल फोन उठा ले गए। वहीं काउंटर में रखे 50 हजार नकद पर भी हाथ साफ कर लिया। दुकान में चोरों ने तोड़फोड़ भी की। बगल में हीरा हेयर केयर शॉप में पीछे से सीढ़ी लगाकर चोर रोशनदान के रास्ते अंदर दाखिल हो गए। यहां से पांच हजार नकद, एलईडी उठा ले गए। आभूषण के दुकान पंजाब अर्नामेंटस से तीन हजार रुपये नकद, एलईडी, कैमरा उठा ले गए और दुकान में तोड़फोड़ की।
प्रिया ऑटो सेंटर के शटर को लोहे के राड से उठाकर चोर दाखिल हुए और अंदर दो हजार रुपये और उपकरण उठा ले गए। कौशिक कलेक्शन के गल्ले में दो हजार रुपये ले गए और दुकान में तोड़फोड़ की। अंबे मेडिकल स्टोर का शटर तोड़कर चार हजार नकद ले गए। गुरुवार सुबह दुकान की ओर से गुजर रहे लोगों ने पुलिस कंट्रोल रूम को इसकी जानकारी दी। करीब एक घंटे बाद पुलिस खोजी कुत्तों के साथ पहुंची और जांच की मगर कोई सुराग नहीं लगा सकी है। मौके से सीढ़ी, लोहे की राड, बांस आदि बरामद हुआ है।
प्रापर्टी डीलर के ऑफिस में चोरी
पिपराइच इलाके के कंचनपुर में बुधवार की रात प्रापर्टी डीलर के ऑफिस का ताला तोड़कर चोरों ने तकरीबन 50,000 रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार गोरखनाथ इलाके के रामजानकी नगर निवासी कृष्ण कुमार गुप्ता का ऑफिस पिपराइच इलाके के कंचनपुर में है। बुधवार रात ताला तोड़कर ऑफिस में घुसे चोर वहां रखे इन्वर्टर, बैट्री, एलईडी, सिलिंडर, सीसीटीवी कैमरे उठा ले गए। सुबह जानकारी होने पर प्रॉपर्टी डीलर ने 100 नंबर पर सूचना दी।