रेवाड़ी के धारूहेड़ा में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-8 स्थित धारूहेड़ा में बुधवार रात सीआईडी कर्मचारी बनकर आए चार बदमाशों ने एक निजी बस रुकवाने के बाद उसकी जांच कर एक पोटली में रखे बंडल लेकर फरार हो गए। भागते समय आरोपियों की परिचालक से हाथापाई भी हुई। बंडलों में करोड़ों रुपये बताए जा रहे हैं। घटना के बाद पोटली वाले व्यक्ति का भी कोई पता नहीं लगा है। बदमाशों की कार हाईवे पर निखरी कट के समीप से पुलिस ने बरामद की है। इस संबंध में पुलिस ने परिचालक की शिकायत पर लूट का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बुधवार रात करीब दस बजे दिल्ली से उदयपुर जा रही एक निजी बस को धारूहेड़ा में झिलमिल होटल के समीप कार सवार कुछ लोगों ने रुकवाया। उन्होंने अपने को सीआईडी कर्मचारी बताकर बस की जांच शुरू कर दी। बदमाशों ने सभी सवारियों को नीचे उतारकर बस में सवार राजबीर नाम के एक व्यक्ति से पूछताछ की। इसके बाद बदमाशों ने बस की छत पर रखी कपड़े की पोटली को चाकू से काटा। उसमें चार बंडल निकले। बदमाश उनको लेकर भाग निकले। परिचालक उदयभान ने बदमाशों को रोकने का भी प्रयास किया लेकिन बदमाश उसके साथ हाथापाई कर भाग निकले। उदयभान से इसकी सूचना धारूहेड़ा पुलिस को दी। पुलिस की जांच में निखरी कट के समीप से बदमाशों की कार और उसमें एक मोबाइल बरामद हुआ है।
खान मार्केट के बड़े व्यापारी ने बस में बैठाया था राजबीर को
बताया जा रहा है कि दिल्ली की खान मार्केट के एक बड़े व्यापारी ने अपने कर्मचारी भीलवाड़ा निवासी राजबीर और एक अन्य को कपड़े की पोटली देकर बस में बिठाया था। जिस तरह से बदमाशों ने बस में सीधा राजबीर को टारगेट बनाया उससे लगता है कि बदमाश पूरी साजिश के तहत वहां आए थे।
जल्द होगा मामले का खुलासा
मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। बदमाशों से बरामद कार और उसमें मिले मोबाइल सहित अन्य पहलू की जांच की जा रही है। जल्द ही बदमाशों को पड़कर मामले का खुलासा किया जाएगा। - सतपाल यादव, डीएसपी बावल