घटना के बाद मौके पर तैनात पुलिस।
- फोटो : Amar Ujala
जनप्रिय विहार कॉलोनी में ट्रांसफॉर्मर की सप्लाई जोड़ने गए बिजली टीम पर पथराव हो गया। बिजली कर्मचारियों के पक्ष में पब्लिक की ओर से भी पत्थर चलाए गए। इसमें दो लोगों के सिर फट गए। घटना के बाद मौके पर पुलिस तैनात कर दी गई। विवाद के चलते देर शाम तक कॉलोनी की बिजली की सप्लाई चालू नहीं हो सकी थी।
जनप्रिय विहार कॉलोनी में पिछले दिनों एक व्यक्ति ने ट्रांसफॉर्मर शिफ्ट कराने के लिए बिजली महकमे में प्रार्थना पत्र दिया था। साथ ही इस मामले को लेकर वह कोर्ट से आदेश भी ले आया था। इसी क्रम में पहले तो बिजली महकमे ने ट्रांसफॉर्मर शिफ्टिंग की कवायद शुरू कर दी। इसके लिए जिस जगह को चुना गया वह जमीन जीडीए की थी। कुछ दिनों पहले जब बिजली कर्मचारी ट्रांसफॉर्मर लेकर वहां पहुंचे तो जीडीए और आसपास के लोगों के विरोध के कारण कर्मचारियों को ट्रांसफॉर्मर पुरानी जगह ही रखकर लौटना पड़ा। रविवार सुबह जब बिजली कर्मचारी सप्लाई जोड़ने पहुंचे, तब एक पक्ष ने विरोध शुरू कर दिया। इसके बाद मामला थाने पहुंच गया। एसओ के निर्देश के बाद जेई ने लाइनमैन को सप्लाई चालू करने के लिए भेज दिया। जब बिजली कर्मचारी लाइन जोड़ने गए तब एक पक्ष ने पथराव कर दिया। इसमें एक शख्स का सिर फट गया। इसके बाद जवाब में भीड़ ने भी पथराव कर दिया। बवाल की सूचना के बाद मौके पर गोरखनाथ थाने की पुलिस भी पहुंच गई।
क्षेत्रीय निवासी एवं हिंदू युवा वाहिनी के महानगर संयोजक ऋषि मोहन वर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामले को हल्के में लेते हुए केवल औपचारिकता निभाई। बिजली महकमे को भी संवेदनशीलता पता थी, लेकिन उनकी ओर से भी सुरक्षा को लेकर संजीदगी नहीं दिखाई गई। नतीजतन कसाईबाड़ा इलाके के उपभोक्ताओं को बिना बिजली के ही रहना पड़ रहा है। अगर जल्द सप्लाई चालू नहीं हुई तो पुलिस की कार्यप्रणाली एवं बिजली महकमे के रवैये के खिलाफ शासन में शिकायत की जाएगी।
दोनों पक्षों को थाने पर बैठाकर सुलह कराने की कोशिश की जा रही थी। इस दौरान कॉलोनी में मौजूद दोनों पक्षों के लोग आपस में भिड़ गए। मौके पर फोर्स लगा दी गई है। तहरीर मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
- चारु निगम, सीओ गोरखनाथ