साहबगंज किराना मंडी में लूट का शिकार मुनीम श्याम नारायण पांडेय।
- फोटो : rajesh kumar
वसूली करने आए धनिया के थोक व्यापारी के मुनीम से बाइक सवार दो बदमाशों ने ढाई लाख रुपये लूट लिए। मुनीम बस्ती से 2.46 लाख रुपये वसूल कर गोरखपुर के साहबगंज किराना मंडी पहुंचे थे जहां बदमाशों ने दिनदहाड़े भरे बाजार में उन्हें निशाना बनाया।
मुनीम जब तक शोर मचाते और लोग एकत्र होते, लुटेरे फरार हो गए। सूचना पाकर एसएसपी, एसपी सिटी मयफोर्स मौके पर पहुंचे। मुनीम के बताए हुलिया अनुसार पुलिस लुटेरों की तलाश कर रही है।
कानपुर के कलेक्ट्रेटगंज निवासी गणेश शंकर और हरि शंकर धनिया के थोक व्यापारी हैं। शुक्लागंज निवासी श्याम नारायण पांडेय एक दूसरी फर्म के मुनीम रामनरेश के साथ वसूली करने गोरखपुर मंडल आए थे। बुधवार की सुबह वह बस्ती में व्यापारी से 2.46 लाख रुपये वसूलने के बाद गोरखपुर किराना मंडी पहुंचे।
शाम करीब 4.46 बजे वह अभी मंडी में जा ही रहे थे कि बाइक सवार दो बदमाशों ने झपट्टा मारकर उनके हाथ से रुपये से भरा बैग लूट लिया। पहले तो मुनीम को कुछ समझ ही नहीं आया और जब उन्होंने शोर मचाया तो व्यापारी एकत्र जरूर हुए मगर तब तक बदमाश फरार हो चुके थे।
दिनदहाड़े भरे बाजार में लूट की इस घटना से व्यापारियों में आक्रोश है। उनका कहना है कि इस बाजार में आए दिन व्यापारी और उनके कर्मचारी आते-जाते हैं मगर पुलिस की ड्यूटी सिर्फ औपचारिकता के लिए होती है। मौके पर पहुंचे एसएसपी ने भी मुनीम से पूछताछ की।