जानीपुर में रविवार की रात बाइक सवार बदमाशों ने युवक पर तमंचा तानकर 15 हजार रुपये और मोबाइल लूट लिए। वारदात के बाद वह गोला की तरफ भाग निकले। वहीं, गगहा में रविवार की सुबह पेट्रोल पंप के पास खड़े ट्रक का शीशा तोड़कर केबिन में दाखिल हुए बदमाशों ने ड्राइवर और खलासी की पिटाई कर 10 हजार रुपये लूट लिए। पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
गोला प्रतिनिधि के अनुसार गगहा, भलुआन के रहने वाले चंद्रप्रकाश जायसवाल ब्रेड की एजेंसी चलाते हैं। रविवार की दोपहर में गोला क्षेत्र के दुकानदारों को आपूर्ति देने के बाद वह जानीपुर के रास्ते मैजिक से लौट रहे थे। शाम सात बजे के करीब रास्ते में खजुरी के पास एक बाइक से आए दो बदमाशों ने ओवरटेक कर उन्हें रोक लिया। पीछे बैठे बदमाश ने चंद्रप्रकाश की कनपटी पर तमंचा सटाकर गाड़ी की चाभी और मोबाइल छीन लिया और बगल में बैठे हेल्पर को जान से मारने की धमकी देकर चुप करा दिया और चंद्रप्रकाश की जेब में रखे 15 हजार रुपये निकालकर बदमाश गोला की तरफ भाग निकले। राहगीरों की मदद से एजेंसी मालिक ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। गोला पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
दूसरी तरफ, गगहा प्रतिनिधि के अनुसार खजनी, मंझरिया के रहने वाले दिग्विजय ट्रांसपोर्ट का काम करते हैं। गांव का रहने वाला दिनेश यादव उनका ट्रक चलाता है। शनिवार की रात वह खलासी विनोद गौड़ के साथ चंवरिया स्थित फ्लोर मिल से चोकर और आटा लेने गया था। रात में दो बजे गगहा के भलुआन में स्थित सुशीला पेट्रोल पंप के पास ट्रक खड़ाकर ड्राइवर और खलासी केबिन में सो गए।
चार बजे के करीब बाइक से पहुंचे दो बदमाशों ने डंडे से शीश तोड़ केबिन में दाखिल हो गए और दिनेश के साथ ही खलासी विनोद की पिटाई कर 10 हजार रुपये लेकर भाग गए। पेट्रोल पंप मालिक की सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। एसपी (ग्रामीण) ब्रजेश सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करने का निर्देश एसओ को दिया है। जल्द ही मामले का खुलासा कर लेंगे।