टैक्सी स्टैंड की अवैध वसूली कर रहे दबंगों ने रविवार की दोपहर ई-रिक्शा चालक की पिटाई कर दी। पिटाई से नाराज ई-रिक्शा चालकों ने कोतवाली का घेराव कर आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस के अधिकारियों के समझाने-बुझाने पर मामला शांत हुआ।
शहर के करौंदिया मोहल्ला निवासी शेरू ई-रिक्शा चालक है। रविवार की दोपहर वह रिक्शा लेकर पयागीपुर स्टैंड पहुंचा, तो वहां मौजूद टैक्सी स्टैंड की अवैध वसूली करने वालों ने उसे आने से मना किया। जिसके बाद दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। बात बढ़ने पर दबंगों ने शेरू को मारना शुरू कर दिया।
स्थानीय लोगों के बीच-बचाव के बाद मामला शांत हो सका। मारपीट की जानकारी होते ही ई-रिक्शा चालक लामबंद होकर कोतवाली पहुंच गए। पुलिस से रिक्शा चालकों ने अपनी समस्या बताई। रिक्शा चालकों का आरोप है कि स्टैंड पर उनसे अवैध वसूली की जा रही है जबकि ई-रिक्शा इस दायरे में नहीं आता है। रिक्शा चालकों ने कहा कि यदि अवैध वसूली पर रोक न लगाई गई तो धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
तहरीर मिलने पर दर्ज होगा केस
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर वीपी सिंह ने बताया कि प्रकरण उनके संज्ञान में है। पीड़ित रिक्शा चालकों ने अवैध वसूली की शिकायत की है। तहरीर मिलने पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
अवैध वसूली पर होगी कार्रवाई
नगर पालिका के अधिशाषी अधिकारी मुशीर अहमद ने बताया कि ई-रिक्शा चालक स्टैंड पर होने वाली वसूली के दायरे में नहीं आते हैं। यदि उनसे कोई अवैध शुल्क ले रहा है तो यह गलत है।