वाराणसी हाईवे पर डंवरपार में शनिवार की रात चालक का अपहरण कर बोलेरो सवार बदमाश रकम और ट्रक लूट ले गए। बदमाशों ने चालक के कपड़े उतरवा दिए। उसके हाथ और आंख पर पट्टी बांधने के बाद उसे संतकबीरनगर में सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए। राहगीरों की मदद से उसने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने चालक को बेलीपार थाने भेजा। वहां अज्ञात बदमाशों पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस छानबीन में जुटी है।
बेलीपार प्रतिनिधि के अनुसार आजमगढ़, कटया रानीसराय के ललई यादव अपना ट्रक खुद चलाते हैं। शुक्रवार की देर शाम गीडा से वह चावल लेकर बड़हलगंज गए थे। शनिवार की रात चावल उतारने के बाद खाली ट्रक लेकर वह गीडा लौट रहे थे। रास्ते में डंवरपार के पास ट्रक सड़क किनारे खड़ा कर ललई तौलिया लपेटने के बाद केविन में सो गए। रात दो बजे के करीब बोलेरो से पांच की संख्या में पहुंचे बदमाशों ने केविन में घुसने के बाद तमंचा सटाकर शर्ट की जेब में रखे 12 हजार रुपये लूट लिए। वारदात के बाद उन्होंने ललई को बोलेरो में बैठा लिया। तीन बजे के करीब संतकबीरनगर जिले के मेंहदावल क्षेत्र ललई का बनियान, तौलिया उतारकर हाथ और आंख पर पट्टी बांधकर उन्हें सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए।
एक दुकानदार की मदद से हाथ और आंख की पट्टी खोलने के बाद उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम में फोन कर वारदात की सूचना दी। मौके पर पहुंची संतकबीरनगर की पुलिस ने घटनास्थल बेलीपार का बताते हुए वहां भेज दिया। बेलीपार आते समय ललई को पता चला कि बदमाश उनका ट्रक भी उठा ले गए। तहरीर के आधार पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट का केस दर्ज कर बेलीपार पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।