कचहरी से भागे कैदी को पुलिस ने फिर पकड़ लिया।
- फोटो : rajesh kumar
कचहरी में पेशी पर आया बंदी सिपाही का हाथ झटककर भाग निकला। हालांकि घेराबंदी कर पुलिसकर्मियों ने उसे दबोच लिया। फरार होने की योजना में शामिल उसके साथी को पकड़कर पुलिस पूछताछ कर रही है। बड़हलगंज का रहने वाला बंदी पत्नी की हत्या के मामले में तीन साल से जेल में है। सोमवार को उसकी पेशी थी। बंदी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने दोपहर बाद कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया।
बड़हलगंज के छपिया उमराव गांव का रहने वाले बिट्टूू यादव (28) ने वर्ष 2013 में दहेज के लिए पत्नी की हत्या कर दी थी। लड़की के पिता मऊ, मिश्रौली के मलपुर निवासी राम नारायन की तहरीर पर पुलिस ने बिट्टूू, उसके पिता वकील यादव, मां कलावती और भाई राधेश्याम के खिलाफ दहेज के लिए प्रताड़ित करने और गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कराया था। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
बिट्टूू को तीन साल से जमानत नहीं मिली है। हत्या के मामले में गवाही चल रही है, जल्द ही सजा होने वाली है। सोमवार को एडीजे तृतीय के कोर्ट में बिट्टूू की पेशी थी। कोर्ट में पेशी के बाद दोपहर 12:30 बजे कचहरी लॉकअप ले जाते समय वह सिपाही का झटककर कुछ दूरी पर खड़े अपने साथी के साथ भाग निकला।
सिपाही के शोर मचाने पर बंदी सुरक्षा मेें आए अन्य पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर बिट्टूू और उसके साथी को पकड़ लिया। सिपाही की तहरीर पर बिट्टूू पर पुलिस कस्टडी से भागने की कोशिश करने का केस कैंट थाने में दर्ज कर दोपहर बाद कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। हिरासत में लिए गए उसके साथी से कैंट पुलिस पूछताछ कर रही है।
पहले से बनाई थी फरारी की योजना
पेशी से लौटते समय फरार होने की योजना बिट्टूू ने पहले से बनाई थी। उसका साथी पेशी के दौरान कचहरी में पहले से मौजूद था। कोर्ट से लौटते समय सिपाही का हाथ झटककर भागने के दौरान उसने बिट्टू की मदद भी की। इसके अलावा जेल से वह दो शर्ट पहनकर आया था। ऊपर सफेद शर्ट और नीचे चेकदार हरे रंग की ताकि फरार होने के बाद वह सफेद शर्ट निकालकर फेंक दे और पहचान में न आए।