कैंट थाना क्षेत्र के महादेव झारखंडी टुकड़ा नंबर एक विशुनपुरवा में प्रेमी के साथ मिलकर पति (विवेक) की हत्या करने वाली सुषमा समेत दो आरोपियों को पुलिस ने सोमवार को जेल भेज दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पहले पांच आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था, लेकिन जांच के दौरान एक और साजिशकर्ता का नाम सामने आया। पुलिस ने उसे भी दबोच लिया।
विशुनपुरवा निवासी देवेंद्र प्रताप सिंह के एकलौते बेटे 35 वर्षीय विवेक सिंह (विक्की) की पत्नी सुषमा ने प्रेमी डब्लू और उसके साथियों के साथ मिलकर शनिवार की रात हत्या कर दी थी। पुलिस ने वारदात के कुछ देर बाद ही डब्लू सिंह और राधेश्याम को दबोच लिया था, लेकिन दो साथी अनिल और सुनील फरार हो गए थे। इधर, सुषमा से पूछताछ के दौरान पुलिस को एक और साथी मुकेश के भी इस वारदात में शामिल होने का पता चला। पुलिस ने उसे भी दबोच लिया। साथ ही सुनील भी हत्थे चढ़ गया। सोमवार को पुलिस ने मुकेश, सुनील और सुषमा को जेल भेज दिया, जबकि रविवार को डब्लू और राधेश्याम को सलाखों के पीछे भेजा गया था। फरार एक अन्य आरोपी अनिल मौर्या की तलाश चल रही है।
आरोपियों पर गैंगेस्टर लगाने की तैयारी
कैंट पुलिस डब्लू सिंह और उनके साथियों पर गैंगेस्टर लगाने की तैयारी में है। पुलिस डब्लू के आपराधिक इतिहास के आधार पर गैंगेस्टर की कार्रवाई करेगी। डब्लू ने पहली बार रमेश सिंह की हत्या की थी और उनका सिर काटकर पूरे गांव में घूमा था। इसके बाद पारिवारिक और अन्य विवादों में उस पर दो हत्याएं, रंगदारी जैसे मामले दर्ज हुए।
पिता और चाचा भी हत्या के मुल्जिम
डब्लू के पिता दीप नारायण और चाचा भी हत्या के मामले में मुल्जिम हैं। ये दोनों भी कुछ दिन पहले ही जेल से छूटे हैं। डब्लू ने भी जेल से छूटने के बाद सुषमा से बातचीत शुरू कर दी और विवेक की हत्या कर डाली।
फोरेंसिक जांच को भेजे जाएंगे कपड़े
पुलिस ने मृतक विवेक और हत्यारोपी डब्लू सिंह के कपड़े कब्जे में ले लिए हैं। कैंट इंस्पेक्टर ओम हरि वाजपेयी ने बताया कि दोनों के कपड़ों पर खून लगे हैं जिसकी फोरेंसिक जांच कराई जाएगी।
सुषमा को अपने किए पर पछतावा नहीं
महिला पुलिस वालों ने सुषमा से वारदात की बाबत कई बार पूछताछ की, लेकिन उसे अपने किए पर कोई पछतावा नहीं था। जेल जाते वक्त भी उसके चेहरे पर पति की हत्या का दुख नजर नहीं आ रहा था। कचहरी में पेशी के दौरान सुषमा को लोगों की गालियां भी सुननी पड़ीं।
जिद करने पर सुषमा को दी गई साड़ी
रविवार से ही हिरासत में ली गई सुषमा को सोमवार की सुबह कैंट थाने में सारी औपचारिकताएं पूरी कराने के बाद जेल भेजा गया। इसके पहले महिला थाने में उसने कपड़े बदलने की इच्छा जताई तो पुलिस ने सूट दिया लेकिन वह साड़ी पहनने की जिद कर रही थी। इसके बाद पुलिस ने साड़ी की व्यवस्था कराई।
कचहरी में जुटने लगी थी भीड़
तीनों अभियुक्तों को लेकर सवा तीन बजे जब कैंट पुलिस कोर्ट पहुंची तो सुषमा को देखने के लिए वहां भीड़ जुटने लगी। कई अधिवक्ता और वादकारी एकत्र हो गए। पुलिस ने बड़ी सूझबूझ से सुषमा को कोर्ट में पेश किया और फिर जेल भेज दिया।