बिहार में बंदी के बाद से शराब की तस्करी बढ़ गई है। खोराबार पुलिस ने तीस पेटी (1440 बोतल) अंग्रेजी शराब के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों कार से शराब बिहार ले जाने की फिराक में थे, मगर उसके पहले ही मुखबिर ने पुलिस को सूचना दे दी और घेरेबंदी के बाद तस्करों को पकड़ लिया गया। पुलिस इसके पीछे बड़े गिरोह की आशंका जता रही है। इसकी जांच भी शुरू कर दी गई है।
खोराबार के थानेदार अतुल कुमार सिंह को मुखबिर से पता चला कि तस्करी कर शराब बिहार ले जाई जा रही है। इसके बाद पुलिस ने लहसड़ी के पास घेरेबंदी कर दी। कुछ ही देर में एक कार आई। पुलिस ने जब उसे रोका तो कार सवार भागने की कोशिश करने लगे मगर पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। कार में चंडीगढ़ की शराब भरी थी। पकड़े गए लोगों ने पूछताछ में बताया कि वे शराब लेकर बिहार जा रहे थे। उन्होंने ये शराब चंडीगढ़ से मंगाई थी। ट्रक से शराब आने के बाद सहजनवां में उतारकर कार में रखी गई।
पकड़े गए लोगों की पहचान गोरखनाथ के हुमायूंपुर निवासी आनंद जायसवाल और बस्ती के दुबौली निवासी विकास पांडेय के रूप में हुई। आनंद जायसवाल कुछ समय से बिहार के चौमुखा, पंचमुखी सिवान में रह रहा है और वहीं से तस्करी करता है, जबकि विकास गोरखपुर के रुस्तमपुर में किराये पर रहता है।