मतदान के दौरान मारपीट करने वाले चार लोगों को भी पुलिस ने बृहस्पतिवार को जेल भेजा। उधर, गिरफ्तारी के डर से सरपतहा, वनभागलपुर और बसंतपुर गांव में सन्नाटा पसरा रहा। गांव के अधिकांश पुरुष या तो रिश्तेदारी या फिर कहीं अन्य जगह चले गए हैं। घरों में केवल महिलाएं और बच्चे हैं।
सदर सांसद महंत आदित्यनाथ तीनों का गांव का दौरा कर ग्रामीणों से मिले। उन्होंने आश्वासन दिया कि किसी के साथ गलत नहीं होने दिया जाएगा।
सरपतहा के रहने वाले हरिश्चंद्र भारती के पुत्र संजय कुमार (22) की हत्या का मुकदमा दर्ज कराने तथा बसंतपुर गांव के लोग मतदान के दौरान हुई मारपीट का मुकदमा दर्ज कराने के लिए गोरखपुर-सोनौली मार्ग जाम कर दिया था। पुलिस ने जब हल्का बल प्रयोग कर जाम समाप्त करने का प्रयास किया तो गांव वाले उग्र हो गए।
उन्होंने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया था। कुछ ही देर में मौके पर पीएसी भी पहुंच गई लेकिन गांव वालों की संख्या अधिक देख पुलिस और पीएसी को पीछे हटना पड़ा था। इसके बाद गांव वालों ने और उत्पात मचाना शुरू कर दिया। उन्होंने रोडवेज की दो बसों में तोड़फोड़ के बाद एक बस में आग लगा दी और पुलिस की एक बाइक भी फूंक दी। कैंपियरगंज थाना घेरकर पथराव शुरू कर दिया।
ग्रामीणों ने थाने में खड़ी कई बाइकों को भी तोड़ डाला। दोपहर दो बजे सूचना मिलने पर डीएम रंजन कुमार, एसएसपी लव कुमार, एसपी ग्रामीण बृजेश सिंह भारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। उनकी मौजूदगी में पुलिस और पीएसी ने गांव वालों को खदेड़ दिया। अपराह्न तीन बजे जाकर स्थिति सामान्य हो सकी थी।
पुलिस ने बवाल के मद्देनजर जिन लोगों को गिरफ्तार किया है उनमें बसंतपुर के मिथिलेश सिंह, राकेश कन्नौजिया, सूरज, गेंदा देवी और बरईपार के दीपचंद शामिल हैं, जबकि रंजन सिंह, फिरोज, शनिचर उर्फ सन्नी, हरिशंकर सिंह को बसंतपुर में मतदान केंद्र पर मारपीट करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
बवाल के बाद एसओ कैंपियरगंज रमेश मिश्र की तहरीर पर पुलिस ने 35 नामजद सहित 600 अज्ञात गांव वालों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। मुकदमा लालू साहनी, मंजीत, अमृत सिंह, प्रदीप, मिथिलेश, देवकीनंदन, राजन, जुगानी, पंडुक मुसलमान, अमन, जितेंद्र धोबी, वंदना सिंह, झिनकु, गेंदा देवी, रज्जन, संतोष, पूर्णमासी, महेंद्र, हृदय लाल, कृपाशंकर चौबे, जुगानी धोबी, संतोष, पूर्णमासी की पत्नी, महेंद्र हरिजन, सुरेंद्र हरिजन, कमलेश यादव निवासी वनभागलपुर, गुलरिहा के भगवानपुर टिकरिया निवासी श्रवण, सतीश केवट, रामसूरत, राजकुमार, पवन पाठक, जोखन सहित 600 अज्ञात पर केस दर्ज हुआ।
एसएसपी लव कुमार ने बताया कि बवाल करने वाले जिन लोगों पर नामजद मुकदमा दर्ज हुआ है पुलिस उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लेगी। इस मामले में कड़ाई से जांच की जा रही है।