आरोपी की गिरफ्तारी की जानकारी देते एसएसपी।
- फोटो : Amar Ujala
विदेश भेजने के नाम पर ठगी करने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। रेलवे स्टेशन के सामने स्थित होटल से जालसाजी का धंधा चलाया जा रहा था। पकड़े गए युवक के पास से एक लाख 15 हजार की नकदी, 5 पासपोर्ट, फर्जी वीजा, फर्जी एग्रीमेंट और हवाई टिकट भी बरामद हुए हैं। पुलिस उसके गिरोह के अन्य सदस्यों की भी तलाश कर रही है।
शनिवार को एसएसपी रामलाल वर्मा ने प्रेस कांफ्रेंस कर बताया कि बिहार के गया जिले के शेरघाटी सुमाली निवासी इम्तियाज आलम ने शिकायत दर्ज कराई थी कि सऊदी अरब भेजने के नाम पर उसे ठगा गया है। फर्जी वीजा, एग्रीमेंट और हवाई टिकट देकर उससे करीब सवा लाख रुपये ठग लिए गए। उसने यह भी बताया कि जालसाज स्टेशन रोड पर पुराना पोस्टमार्टम गली वाली लेन के एक होटल से कारोबार संचालित कर रहे हैं। जांच में जुटी पुलिस ने घेराबंदी की तो तीन लोग फरार हो गए और एक को पुलिस ने दबोच लिया। पूछताछ में उसकी पहचान बिहार के छपरा, शलेदी निवासी अमलेश कुमार राय के रूप में हुई।
सने बताया कि मतीनभान, इमामुद्दीन और जियाउद्दीन के साथ मिलकर काम करता है। बिहार से लेकर उत्तर प्रदेश के कई जिलों में रैकेट के सदस्य बेरोजगारों से विदेश जाने का आवेदन कराते हैं। फिर उनके पासपोर्ट लेकर चेन्नई में बैठे सगीर खान की मदद से फर्जी तरीके से टूरिस्ट वीजा और एग्रीमेंट पेपर बनाकर जालसाज युवकों को खाड़ी देशों में भेज देते थे। टूरिस्ट वीजा होने से युवकों को काम नहीं मिलता था। करीब 150 युवकों को झांसा देकर गैंग के सदस्य लाखों रुपये की ठगी कर चुके हैं।