सहजनवां के ग्राम भक्सा गांव में सूचना के बाद भी दमकल की गाड़ी के देर से पहुंचने पर ग्रामीण इस कदर भड़क गए कि उन्होंने न सिर्फ पुलिस वालों को घेर लिया बल्कि हॉक दस्ते के सिपाही कपिलदेव पांडेय की पिटाई भी कर दी।
ग्रामीणों के हमले से सिपाही का सिर फट गया। उसका दाहिना हाथ भी टूट गया। साथी सिपाहियों की सूचना पर एसपी देहात, दो सीओ फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे और घायल सिपाही को इलाज के लिए सीएचसी सहजनवां में भर्ती कराया।
सहजनवां प्रतिनिधि के मुताबिक रविवार को दोपहर में संतकबीरनगर के घूरापाली में आग लग गई थी। पुलिस को सूचना मिली कि तेज हवा के कारण आग की लपटें भक्सा तक पहुंच गई हैं। आग ने कई घरों को अपनी चपेट में ले लिया है। सूचना मिलने पर दमकल की गाड़ी गांव में पहुंची तो, मगर गाड़ी बड़ी होने से वह आग वाली जगह पर नहीं जा पा रही थी। इसके बाद छोटी गाड़ी मंगाई गई। आग बुझाने में हो रही देरी पर ग्रामीण नाराज हो गए।
उन्होंने सिपाही कपिलदेव पांडेय को घेरकर पीटना शुरू कर दिए। ग्रामीणों के हमले में उनका सिर फुट गया। साथ ही दाहिना हाथ भी टूट गया। साथी सिपाही की सूचना पर एसपी देहात, सीओ कैंपियरगंज व गोरखनाथ कई थानों की फोर्स के साथ पहुंचे। घायल सिपाही को सीएचसी सहजनवां भेजवाया गया। थानेदार ने बताया कि सिपाही की तहरीर पर ग्रामीणों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा।