जिला अस्पताल से दवा लेकर लौट रही महिला के गले से सोने का चेन लूटकर भाग रहे युवक को राहगीरों ने पकड़ लिया और जमकर पिटाई करने के बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस उससे पूछताछ कर अन्य घटनाओं के पर्दाफाश की कोशिश कर रही है। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के छोटे काजीपुर की है।
राजघाट थाना क्षेत्र के जगरनाथपुर निवासी राजेश की पत्नी सुशीला शुक्रवार को जिला अस्पताल से दवा लेकर पैदल ही घर लौट रही थीं। जगरन्नाथपुर मंदिर के पास पीछे से आए बाइक सवार ने उनके गले पर झपट्टा मारकर सोने की चेन खींच ली और भागने लगा। महिला ने शोर मचाना शुरू किया तो आसपास के लोग दौड़ पड़े और युवक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई शुरू कर दी। इसी बीच किसी ने पुलिस को घटना की सूचना दे दी। पुलिस से पूछताछ में युवक की पहचान गोरखनाथ थाना क्षेत्र के जगेसपासी निवासी टोनी उर्फ आदिल के रूप में हुई है।
मकान का ताला तोड़कर चोरी
शाहपुर इलाके के राप्तीनगर फेज चार में हरेंद्र लाल श्रीवास्तव के मकान का ताला तोड़कर चोरों ने हजारों का सामान चुरा लिया। हरेंद्र लाल श्रीवास्तव की सास का निधन हो गया था। वह 18 जनवरी को मकान में ताला बंदकर परिवार के साथ वाराणसी चले गए थे। बुधवार शाम को वह लौटे। तो सभी कमरों का ताला टूटा हुआ था। कमरे में बॉक्स और आलमारी में रखा सामान बिखरा हुआ था। चोर सीढ़ी पर लगे टीन शेड तोड़कर अंदर घुसे थे। चोर छत पर बने कमरे को खंगाला था। चोर चोरी करने के साथ घर में कई जगह फर्श पर शौच भी किया थे। पीड़ित ने 35 हजार नकदी, डेढ़ लाख के गहने और अन्य सामान चोरी होने की तहरीर पुलिस को दी है।