गुलरिहा इलाके के बरगदही गांव में खेत के किनारे शनिवार की देर रात एक महिला की सिर पर धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने महिला की आंखें भी फोड़ दी थीं। वारदात के वक्त वह सब्जी की रखवाली कर रहे पति के पास जा रही थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रविवार की दोपहर एसएसपी भी घटनास्थल पहुंचे और मातहतों को जल्द से जल्द वारदात का खुलासा करने को कहा। हालांकि अभी तक परिवार से किसी ने भी तहरीर नहीं दी।
भटहट प्रतिनिधि के मुताबिक बरगदही गांव के शिवपूजन टोला के राजेंद्र निषाद सब्जी की खेती करते हैं। खेत की रखवाली करने के लिए राजेंद्र रात में खेत के पास ही सोते हैं। शनिवार की रात उनकी 45 वर्षीय पत्नी जलेसरा देवी भी वहीं सोने जा रही थीं पर घर से कुछ दूर आगे ही खेत किनारे किसी ने उनकी हत्या कर दी गई। राजेंद्र का भतीजा रात करीब 12 बजे नीलगाय देखने खेत की ओर जा रहा था तभी उसने लाश देखी और इसकी सूचना गांव वालों और पुलिस को दी। घटनास्थल पर संघर्ष के निशान भी मिले हैं। जलेसरा के सिर के पिछले हिस्से में चोट के निशान थे, जबकि उनकी आंखें भी फोड़ दी गई थीं।
सूचना मिलने पर एसएसपी, एसपी सिटी हेमराज मीणा, सीओ गोरखनाथ के साथ गुलरिहा थाने की पुलिस मौके पहुंच गई। पति से पूछताछ करने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस को संदेह है कि हत्यारा घर का कोई करीबी ही है।