वारदात के बाद घर में कोहराम मच गया।
- फोटो : amar ujala
सहजनवां के वार्ड नंबर छह में रविवार की रात खनन के विवाद में महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बदमाशों ने महिला को बचाने दौड़े सीआरपीएफ जवान पर भी फायरिंग कर दी। दाहिने हाथ में गोली लगने से वह भी घायल हो गया। वारदात के बाद हमलावर हवाई फायरिंग करते हुए फरार हो गए। पीड़ित परिवार के लोगों ने मोहल्ले में रहने वाले एक जनप्रतिनिधि के भाई और बेटों पर पुरानी रंजिश में वारदात को अंजाम देने का आरोप लगाया है।
वार्ड नंबर छह में रहने वाले लालजी यादव की पत्नी जियला देवी (55) रविवार की रात 11 बजे बरामदे में सोने की तैयारी कर रही थीं कि इसी बीच मोहल्ले के राधेश्याम यादव, बेटे मनोज, राहुल के साथ उनके घर पहुंच गए। आरोप है कि आते ही इन लोगों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। सीने और पेट में गोली लगने से जियला की मौके पर ही मौत हो गई। गोली की आवाज सुनकर छुट्टी पर आया सीआरपीएफ में तैनात भतीजा दुर्गविजयनाथ (33) बाहर निकला तो बदमाशों ने उसे भी लक्ष्य कर फायरिंग कर दी। दाहिने हाथ की अंगुली में गोली लगने से वह घायल हो गया। आरोप है हमलावर लूटपॉट करने के बाद फरार हो गए।
मौके पर पहुंचे प्रभारी एसएसपी/ एसपी (सिटी) हेमराज मीणा, एसपी (ग्रामीण) ब्रजेश सिंह ने लालजी के साथ ही दुर्गविजयनाथ से बातचीत कर घटना की जानकारी ली। लालजी ने बताया कि मोहल्ले में रहने वाले राधेश्याम के परिवार से पुरानी रंजिश है। उनके भाई जनप्रतिनिधि हैं जिसकी हनक में उन लोगों ने वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।