सोनबरसा बाजार में दहेज की खातिर मां-बेटी की हत्या करने का मामला सामने आया है। मायके वालों ने दो साल की बेटी और उसकी मां को जहर देकर मारने की आशंका जाहिर की है। आरोप है कि ससुराल वालों ने दो साल की बच्ची की हत्याकर उसकी लाश रजाई में छिपा दी थी। मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कुशीनगर, कसया के शिवपुर बुजुर्ग निवासी भागवत जायसवाल की 25 वर्षीय बेटी सिंधु की शादी तीन साल पहले सोनबरसा के विनोद जायसवाल के साथ हुई थी। दोनों की दो साल की बेटी अदिति व एक माह का लड़का है। सोमवार की रात भागवत को सिंधु की मौत की खबर मिली तो उन्होंने पति को फोन किया। पति ने बताया कि अचानक तबीयत खराब हो गई है और उपचार के लिए अस्पताल ले जा रहे हैं। इसके बाद भागवत घर पहुंच गए। यहां आने के बाद उन्होंने देखा कि सिंधु की लाश घर के बाहर रखी हुई थी, बच्चे के बारे में पूछा तो बताया गया कि वह अंदर है। वह घर के अंदर गए तो देखा कि दो साल की अदिति की भी मौत हो चुकी थी और लाश रजाई में छिपा दी गई थी।
उन्होंने तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम को जानकारी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और भागवत की तहरीर पर पुलिस ने मृतका के पति विनोद, ससुर रघुनाथ जायसवाल और सास के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज कर लिया है।