कैंट क्षेत्र के सिटी मॉल में आग लगने की सूचना पर हड़कंप मच गया। माल के सामने आनन-फानन में आवागमन रोक दिया गया। आग लगने की सूचना मिलते ही अग्निशमन दल सिटी मॉल पहुंच गया। मॉल के अंदर से लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। बाद में पता चला कि आग नहीं लगी थी बल्कि अग्निशमन दल आपात स्थिति से निपटने का रिहर्सल कर रहा था।
मंगलवार दिन में तीन बजे अग्निशमन दल को सिटी माल के पश्चिमी हिस्से में आग लगने की सूचना दी गई। अग्निशमन विभाग के संयुक्त निदेशक जेके सिंह ने कहा कि दल की पहले जिम्मेदारी आग बुझाने तक ही सीमित थी। लेकिन अब दल आपदा प्रबंधन में भी हिस्सा ले रहा है।
इस मौके पर संयुक्त निदेशक के अलावा क्षेत्रीय उप निदेशक जाकिर हुसैन रिजवी, मुख्य अग्निशमन अधिकारी सूर्यनाथ प्रसाद, अग्निशमन अधिकारी सत्येंद्र पांडेय व सिटी माल के प्रबंधक सुबोध टेकड़ीवाल मौजूद थे।