चचेरे भाई की मौत के बाद दुल्हन के घर से बारात लौट गई। सोमवार को बरातियों से भरी जीप (बोलेरो) पेड़ से टकरा गई थी, जिसमें घायल भाई की इलाज के दौरान मौत हो गई। मौत की खबर सुनते ही दूल्हा ने शादी से इंकार कर दिया।
गगहा क्षेत्र के मझगांवा निवासी यशोदानंद के बेटे कैलाश मोदनवाल की चौरीचौरा के सरदार नगर में सोमवार को बारात जा रही थी। परछावन के बाद देर शाम कैलाश की बारात गांव से रवाना हुई। कैलाश के पिता यशोदानंद और उनके भतीजे शिव कुमार समेत पांच लोग जीप से जा रहे थे। अभी गाड़ी गांव से तीन किलोमीटर आगे ही निकली थी कि ट्रक से टक्कर हो गई और अनियंत्रित होकर जीप पेड़ से टकरा गई थी। हादसे में पांच लोग घायल हुए थे, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
सीएचसी से जिला अस्पताल जाते समय रास्ते में ही दूल्हे के चचेरे भाई शिवकुमार की मौत हो गई। यह खबर सुनते ही आधे बाराती से रास्ते से ही अस्पताल चले गए थे। वहीं लड़की पक्ष के लोग भी अस्पताल पहुंच गए थे। बाद में दूल्हे ने शादी से इंकार कर दिया। दूल्हे को काफी समझाने की कोशिश की मगर वह शादी को तैयार नहीं हुआ है।