पुलिस लाइंस के पास शुक्रवार तड़के कुछ युवकों ने छात्र की पिटाई कर उसके मोबाइल और साढ़े आठ हजार नकदी लूट लिए। कुशीनगर का रहने वाला छात्र पिता की मौत की सूचना मिलने पर घर जाने के लिए रेलवे स्टेशन जा रहा था।
कुशीनगर, पिपरा अड्डा के रहने वाले आलोक त्रिपाठी बीए का छात्र है। वह पुर्दिलपुर में किराए पर कमरा लेकर रहता है। शुक्रवार भोर में तीन बजे घर वालों ने उसे पिता की मौत होने की सूचना दी। वह घर जाने के लिए पैदल रेलवे स्टेशन जा रहा था। पुलिस लाइंस के सामने खड़े छह युवकों ने समय पूछने के बहाने उसे रोक लिया। मोबाइल निकालकर आलोक ने समय बताया। इसके बाद युवकों ने उसे पीटकर उसका मोबाइल और पर्स छीन लिया। पर्स में करीब साढ़े हजार नकदी थी।
शोर मचाने पर वहां पहुंचे राहगीरों ने फोन से घटना की जानकारी पुलिस कंट्रोल रूम को दी। मौके पर पहुंचे हॉक दस्ते के सिपाहियों ने चंदा जुटाकर आलोक को रुपये दिए। घर जाने की जल्दी में वह बिना मुकदमा दर्ज कराए ही चला गया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।