शाहपुर इलाके के कौवाबाग पुलिस चौकी के सामने दिनदहाड़े मां-बेटे से बाइक सवार बदमाशों ने 50 हजार रुपये लूट लिए। पीड़ित महिला अपने बेटे के साथ बैंक से पेंशन निकालकर लौट रही थी। सूचना मिलते ही एसपी सिटी हेमराज मीणा, सीओ कैंट अभय मिश्रा मौके पर पहुंच गए। पुलिस बैंक के सीसीटीवी कैमरे से लुटेरों के पहचान की कोशिश कर रही है।
पिपराइच इलाके के महुआ चापी निवासी शिवपर्सन निषाद रेलवे कर्मचारी थे। उनका निधन हो चुका है। उनकी पत्नी फुलकेशा देवी सोमवार को बेटे के साथ पादरीबाजार स्थित एसबीआई गई थीं। वहां से 50 हजार रुपये निकालकर बेटे रोहित निषाद के साथ वह बाइक से लौट रही थीं। उन्होंने पांच सौ रुपये बेटे को दे दिए, जबकि 49 हजार 500 रुपये, पैनकार्ड व पासबुक एक झोले में रखकर कौवाबाग पुलिस चौकी के पीछे रहने वाले रिश्तेदार से मिलने जा रही थीं। इसी बीच पुलिस चौकी के समीप जेल बाईपास रोड पर बाइक सवार दो बदमाश पहुंचे। हेलमेट लगाए बदमाशों ने रोहित की बाइक में टक्कर मार दी, जिससे उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई तभी एक लुटेरा झोला छीनकर फरार हो गया। पुलिस का कहना है कि जांच की जा रही है। जल्द ही लुटेरे पकड़ लिए जाएंगे।
रिटायर्ड रेलकर्मी के खाते से 63 हजार उड़ाए
जालसाजों ने गुलरिहा के जैनपुर टोला माधोपुर निवासी रिटायर्ड रेलवे कर्मचारी ओमप्रकाश के इलाहाबाद बैंक स्थित खाते से 63 हजार रुपये उड़ा दिए। इसकी जानकारी उन्हें तब हुई जब वह पासबुक में इंट्री कराने पहुंचे। उन्होंने बैंक मैनेजर के साथ ही गुलरिहा पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। बैंक भी अपने स्तर से इस मामले की जांच कर रहा है।