गोरखपुर। सिविल लाइंस में कार्मल स्कूल के पास बृहस्पतिवार की रात बाइक सवार बदमाशों ने युवती का पर्स लूट लिया। बुआ और उनके बेटे के साथ वह रिक्शे से रेलवे बस स्टेशन जा रही थी। पर्स में 10 हजार रुपये, मोबाइल और जेवरात थे। रिक्शे पर बैठे बुआ के बेटे ने बाइक सवार बदमाशों को दौड़ाकर पकड़ने का प्रयास भी किया लेकिन वह फरार हो गए।
कैंपियरगंज, चौमुखा की रहने वाली चंद्रावती एक सप्ताह पहले अलीनगर में रहने वाले भाई रामप्रसाद के घर आई थीं। बृहस्पतिवार को चंद्रावती बेटे शिवम और भाई की बेटी नेहा के साथ गांव जाने के लिए अलीनगर से निकली थीं। रिक्शे से तीनों रेलवे बस स्टेशन जा रहे थे। रात 9:30 बजे सिविल लाइंस में कार्मल स्कूल के पास पीछे से आए बाइक सवार बदमाशों ने नेहा का पर्स छीन लिया।
शोर मचाने पर रिक्शे से कूदकर शिवम ने बदमाशों को दौड़ाया। पीछे से आ रहे बाइक सवार की मदद से बिस्मिल पार्क तक ढूंढा लेकिन वे नहीं मिले। इसके बाद पीड़ित ने घटना की सूचना पुलिस को दी। नेहा ने बताया कि पर्स में 10 हजार रुपये, करीब 70 हजार रुपये के जेवरात और दो मोबाइल थे। इंस्पेक्टर कैंट राजीव सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर छानबीन चल रही है।