पुलिस लाइंस में मीटिंग करते आईजी, मौजूद डीआईजी, एसएसपी व अन्य।
- फोटो : Shivharsh Dwivedi
पुलिस लाइंस में शुक्रवार को आईजी मोहित अग्रवाल ने जोन के अफसरों के साथ मीटिंग की। बढ़ते अपराधों पर चर्चा करते हुए आईजी ने निर्देश दिया कि जो थानेदार क्षेत्र में घटना को नहीं रोक पाते, उन्हें थानेदारी की कुर्सी पर रहने का हक नहीं है। ऐसे थानेदारों पर कार्रवाई की जाए, जरूरत पड़े तो उन्हें सस्पेंड कर दें। इस दौरान आगामी चुनाव को लेकर भी आईजी ने कई निर्देश दिए।
आईजी मोहित अग्रवाल ने निर्देश दिया कि सभी पुलिस कप्तान खुद रात्रि गश्त करें। 11 बजे के बाद वह चेकिंग करें। हर थाने पर एक दरोगा की ड्यूटी रात में एक बजे से पांच बजे तक क्षेत्र भ्रमण की लगाई जाए। क्षेत्राधिकारी भी रोस्टर बनाकर रात्रि चेकिंग करें और संदिग्ध लोगों की जांचकर कार्रवाई करें। खनन माफिया, अवैध शराब, बाहुबलियों, जमीन माफियाओं पर कार्रवाई करें, ताकि आगामी चुनाव में कहीं भी कोई दिक्कत न आने पाए।
उन्होंने आदेश दिया कि चुनाव का माहौल तैयार करें और तीन सवारी, गुंडा एक्ट में कार्रवाई करें। चुनाव में सभी लाइसेंसी असलहे जमा होने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी जाए। उन्होंने डायल 100 के बेहतर काम की निगरानी करने और अच्छा काम करने वालों को सम्मानित करने का भी आदेश दिया है। बैठक में जोन के सभी आला पुलिस अफसर उपस्थित रहे।