डॉयल 100 योजना के तहत पुलिस के एप पर शहर के सभी महत्वपूर्ण स्थानों की फोटो फीड की जाएगी। जिले के थानेदार अपने-अपने क्षेत्र में स्थित होटल, रेस्टोरेंट, दुकान, अर्पाटमेंट, पार्क, सरकारी और प्राइवेट दफ्तर की जानकारी जुटाने के साथ ङी वहां की फोटो खींचकर ऑनलाइन फीड करने में जुटे हैं। डाटा फीडिंग के बाद डॉयल 100 योजना का ट्रॉयल शुरू होगा।
पुलिस कंट्रोल रूम को आधुनिक बनाने की तैयारी अंतिम चरण में है। दो दिन में उत्तर प्रदेश पुलिस के मोबाइल एप जीआईपी पर डाटा फीडिंग के बाद ट्रॉयल शुरू होगा। निर्धारित समय में प्रक्रिया पूरी करने के लिए जिले के सभी थानों में दरोगा, सिपाहियों की टीम बनाई गई है। गुरुवार की रात से ही ये सभी अपने-अपने क्षेत्र में घूमकर सरकारी दफ्तर, ज्वैलरी, कपड़े, शराब की दुकानें, बैंक, होटल, रेस्टोरेंट, पार्क, नो एंट्री प्वाइंट, जाम वाले चौराहे, हाईवे, थाना, पुलिस चौकी, बूथ, सरकारी, प्राइवेट अस्पताल, मेडिकल कॉलेज, बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन, एटीएम, स्कूल, कॉलेज, पेट्रोल पंप, यूनिवर्सिटी, हॉस्टल के साथ ही 160 बिंदुओं की निर्धारित सूचना जुटा रहे हैं। साथ ही मौके पर पहुंचकर फोटो खींचकर वहीं से ऑनलाइन फीडिंग कर रहे हैं। फोटो के साथ अक्षांश और देशांतर भी दर्ज किया जा रहा है जिससे सूचना के बाद जीपीएस सिस्टम से मौके पर पहुंचने में पुलिस वाहन को आसानी हो।
एसएसपी रामलाल वर्मा ने गुरुवार की रात एसपी (सिटी), एसपी (ग्रामीण), सभी सीओ और थानेदारों संग मीटिंग कर दो दिन के भीतर डाटा फीडिंग की प्रक्रिया पूरी करने की हिदायत दी थी। उन्होंने 160 बिंदुओं वाली सूचना में जिले में स्थित धार्मिक स्थल, लड़कियों के स्कूल, कॉलेज और हॉस्टल की भी पूरी जानकारी देने को कहा है।
गोरखपुर को मिलेंगे 53 वैन
डॉयल 100 स्कीम के तहत गोरखपुर पुलिस को 53 पीसीआर वैन मिलेगी। जरूरत के हिसाब से इन वैन को 25 थाना क्षेत्रों में हाईवे और संवेदनशील स्थानों पर लगाया जाएगा। पुलिस कंट्रोल रूम से इन गाड़ियों की जीपीएस सिस्टम से मानीटरिंग होगी। सूचना मिलने पर सीधे कंट्रोल रूम से वैन के चालक को घटना की जानकारी दी जाएगी। घटनास्थल के पास जिसकी लोकेशन नजदीक होगी, उसको पहले भेजा जाएगा।
डॉयल 100 स्कीम के तहत सभी प्रमुख स्थानों की फोटो समेत जानकारी जीआईएस एप पर फीड कराई जा रही है। थानेदारों को दो दिन के भीतर कार्रवाई पूरी करने का निर्देश दिया गया है। लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई होगी।
- रामलाल वर्मा, एसएसपी