एक होमगार्ड पर मनरेगा में काम करने के साथ ही वृद्धा पेंशन लेने का मामला उजागर हुआ है। बड़हलगंज पुलिस ने डीजी होमगार्ड के निर्देश पर उस पर जालसाजी का केस दर्ज किया है। लखनापार गांव के रहने वाले एक व्यक्ति ने मामले की शिकायत की थी। आरोपी ने अपनी उम्र हर जगह अलग-अलग दर्ज कराई थी।
लखनापार गांव के रहने वाले हरिशंकर शुक्ल ने डीजी होमगार्ड को पत्र लिखकर गांव निवासी होमगार्ड जीतन भारती की शिकायत की थी। हरिशंकर ने आरोप लगाया था जिस दिन जीतन ने थाने में ड्यूटी की है, उसी दिन मनरेगा के तहत गांव में काम करके मजदूरी भी ली है। इसके अलावा कागज में अपनी उम्र 66 वर्ष दिखाकर वह वृद्धा पेंशन भी ले रहा है।
मामले की जांच कराने पर शिकायत सही मिली। जीतन ने अपनी नौकरी के सर्टिफिकेट में उम्र 49 वर्ष, मनरेगा के जॉब कार्ड पर 32 वर्ष और वृद्धा पेंशन के फार्म में 66 वर्ष भरा था। एसडीएम गोला की जांच में आरोप सही मिलने पर होमगार्ड की सेवा समाप्त कर दी गई थी। डीजी के निर्देश पर बड़हलगंज पुलिस ने 5 मई को जीतन के खिलाफ फर्जी दस्तावेज तैयार कर जालसाजी करने का केस दर्ज किया।
इंस्पेक्टर बड़हलगंज बृजेश वर्मा ने बताया मामले की छानबीन चल रही है।