खजनी के भिटहा में शनिवार की रात डीजे पर डांस करने को लेकर हुए विवाद में घराती और बारातियों में मारपीट हो गई। मामला बढ़ने पर बीच-बचाव करने पहुंचे दूल्हे और उसके घरवालों को नशे में धुत युवकों ने पीट दिया, जिसके बाद मामला और बिगड़ गया। दोनों तरफ से हुई मारपीट में लड़की के भाई समेत कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद दूल्हे के शादी से इन्कार कर देने से बारात लौट गई।
खजनी प्रतिनिधि के अनुसार बांसगांव, चांडी गांव के रहने वाले रामप्रीत के बेटे बबलू की शादी भिटहा गांव में रामपाल चौरसिया की बेटी से तय हुई थी। शनिवार को रात नौ बजे बारात गांव में पहुंची। द्वारपूजा के दौरान ही डीजे पर डांस को लेकर बारातियों से भिटहा गांव के युवकों का विवाद हो गया।
नशे में धुत गांव के युवक बारातियों को डांस नहीं करने दे रहे थे। कहासुनी के बाद उनके बीच मारपीट हो गई। मामला बढ़ने पर पहुंचे दूल्हा, उसके छोटे भाई के साथ ही परिवार के लोग बीच-बचाव करने पहुंचे तो नशे में धुत युवक उनसे भी उलझ गए और सभी की पिटाई कर दी। इस घटना के बाद नाराज बारातियों ने भी युवकों की पिटाई कर दी जिसमें दुल्हन के भाई का सिर फट गया।
एक घंटे तक दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। इसके बाद दूल्हा के शादी से इन्कार कर देने से बारात लौट गई। दूल्हे की तहरीर पर खजनी पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
गाड़ी ले जाने को लेकर पहले हुआ था विवाद
भिटहा गांव में बारात देर से पहुंची थी। रास्ते में भी डीजे पर डांस को लेकर कई बार विवाद हुआ। आगे बढ़ने पर दुल्हन के घर जाने का रास्ता संकरा होने से इनोवा चालक ने गाड़ी दरवाजे तक ले जाने से इन्कार कर दिया, जबकि लड़की के घरवाले गाड़ी दरवाजे तक ले जाने का दबाव बनाने लगे। कहासुनी के बाद विवाद हो गया। दरवाजे पर बारात पहुंचने पर डांस के दौरान तीसरी बार जब विवाद हुआ तो मारपीट शुरू हो गई।
बवाल बढ़ाने का लगाया आरोप
मारपीट के बाद बारात लौट जाने के बाद रविवार सुबह रामपाल चौरसिया के रिश्तेदारों ने शादी कराने का पूरा प्रयास किया लेकिन बात नहीं बनी। लड़के के घरवाले शादी के लिए तैयार नहीं हुए। समझौते के बाद बबलू के घरवालों को हर्जाने के रूप में रामपाल को दस हजार रुपये देने पड़े। रामपाल भिटहा गांव में रहने वाले अपने विरोधियों पर बवाल कराकर शादी तोड़ने का आरोप लगा रहे थे।