रंग के पटाखे से झुलसी नेहा गुप्ता।
- फोटो : shivharsh
विजय चौक के सेवाराम अपार्टमेंट में बृहस्पतिवार शाम कलर पटाखे में विस्फोट होने से एक छात्रा झुलस गई। घरवालों ने उसे अस्पताल पहुंचाया। शुक्रवार दोपहर पिता के साथ थाने पहुंची छात्रा की तहरीर पर पुलिस ने पटाखा बेचने वाले दुकानदार को हिरासत में लेकर दुकान सीज कर दी है।
स्टील व्यापारी कृष्णा गुप्ता विजय चौक के सेवाराम अपार्टमेंट में रहते हैं। इंटर में पढ़ने वाली उनकी बेटी नेहा गुप्ता (17) बृहस्पतिवार सुबह मां के साथ सामान खरीदने नखास चौक गई थी। विवेक स्टेशनर्स से उसने कलर पटाखे खरीदे थे। बृहस्पतिवार की शाम को जब नेहा ने घर में पटाखा जलाया तो हाथ में ही विस्फोट हो गया, जिससे उसका हाथ, चेहरा और गला झुलस गया। घरवालों ने दुकानदार के खिलाफ पुलिस को देने के साथ ही छात्रा को अस्पताल में भर्ती कराया।
शुक्रवार की सुबह बेटी के साथ थाने पहुंचकर कृष्णा गुप्ता ने तहरीर दी। पुलिस ने दुकानदार विवेक और उसके पिता को हिरासत मेें लेने के साथ ही दुकान सीज कर दी है और इसमें रखे कलर पटाखे को कब्जे में ले लिया है। सीओ कोतवाली अशोक पांडेय ने बताया कि मामले की छानबीन चल रही है।