बीटेक में दाखिले के नाम पर फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। गुलरिहा थाने पहुंचे चार छात्रों ने दो युवकों पर दाखिले के नाम पर 15 छात्रों से रुपये लेने का आरोप लगाते हुए लिखित शिकायत की है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
गुलरिहा थाने पहुंचे खुटहन खास निवासी रामानंद, राजू, महराजगंज जिले के श्यामदेउरवा निवासी सतीश व प्रदीप ने आरोप लगाया कि कुशीनगर के अहिरौली थाना क्षेत्र के बरवांबाबू गांव के विजय प्रताप सिंह व गुलरिहा क्षेत्र के हीरागंज निवासी राकेश प्रजापति ने बीटेक में दाखिले के लिए 15-15 हजार रुपये और हाईस्कूल, इंटर के प्रमाण पत्र लेकर फरार हो गए हैं। छात्रों ने बताया कि दाखिले के नाम पर दोनों आरोपियाें ने 15 लोगों से रुपये लिए हैं।
काफी खोजबीन के बाद एक दिन मिले दोनों आरोपियों ने मेरठ के एक कॉलेज का नाम बताते हुए वहां से प्रमाण पत्र और रुपये वापस लेने की बात कही, लेकिन इसके बाद से दोनों फिर गायब हो गए। कई बार कोशिश करने के बाद भी उनके मोबाइल फोन बंद जा रहे हैं।
बीटेक में दाखिले के नाम पर फर्जीवाड़ा करने की लिखित शिकायत मिली है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
- सुनील कुमार सिंह, एसओ, गुलरिहा