कुशीनगर, खड्डा के विधायक विजय दूबे की पत्नी को झांसा देकर जालसाज ने उनके खाते से 60 हजार रुपये निकाल लिए। मोबाइल पर मैसेज आने के बाद उन्हें जानकारी हुई। विधायक की पत्नी ने कोतवाली पुलिस को घटना के संबंध में तहरीर दी। मोबाइल से फोन करने वाले अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ जालसाजी और आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया है।
खड्डा विधानसभा क्षेत्र के विधायक विजय दूबे कोतवाली के नियामतचक में परिवार के साथ रहते हैं। बैंक रोड स्थित पंजाब नेशनल बैंक की मुख्य शाखा में पत्नी रंजना दूबे और विधायक का संयुक्त खाता है। शुक्रवार की सुबह 8:30 बजे विधायक के मोबाइल पर नंबर 8877643428 से फोन आया। कॉल उनकी पत्नी ने रिसीव किया। फोन करने वाले ने खुद को बैंक का अधिकारी बताते हुए खाते की डिटेल के साथ ही एटीएम कार्ड नंबर और पासवर्ड की जानकारी ले ली। सुबह 8:30 बजे से 9:30 बजे के बीच में जालसाज ने खाते से 60 हजार रुपये निकाल लिए।
मोबाइल मैसेज देखने के बाद रंजना ने जानकारी विधायक को देने के साथ ही कोतवाली पुलिस को दी। कोतवाली पुलिस फोन करने वाले अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ जालसाजी और आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज कर छानबीन कर रही है। एसपी (सिटी) हेमराज मीणा ने बताया कि साइबर सेल की टीम फोन करने वाले के बारे में जानकारी जुटा रही है। जल्द ही मामले का पर्दाफाश कर लिया जाएगा।