कार लोन के नाम पर रुपये लेने वाले युवक ने जालसाजी कर पांच लाख रुपये हड़प लिए। छानबीन के बाद सिंडिकेट बैंक के शाखा प्रबंधक ने गोरखनाथ क्षेत्र के रहने वाले युवक पर कैंट थाने में जालसाजी का केस दर्ज कराया है।
गोरखनाथ, शास्त्रीनगर के राहुल नाम के युवक ने बैंक रोड स्थित सिंडिकेट बैंक की शाखा से कार खरीदने के लिए पांच लाख रुपये लोन लिए थे। कोटेशन के अनुसार कार बिराज मोटर्स लखनऊ से लेनी थी। बैंक से बिराज मोटर्स के नाम से ड्राफ्ट लेने के बाद राहुल ने इसी नाम ने से ओरियंटल बैंक आफ कामर्स की गोरखपुर शाखा में खाता खोलकर रुपये का भुगतान कर लिया।
सत्यापन के लिए कार की आरसी और कागजात मांगने पर बैंक के अधिकारियों ने खोजबीन की तो सच्चाई की जानकारी हुई। सिंडिकेट बैंक के शाखा प्रबंधक ने 21 मई को कैंट थाने में राहुल के खिलाफ जालसाजी का केस दर्ज कराया।